​ ‘मोदी ने कती चाला पाड़ दिया, पानी तै भी रेल चला दी’: हरियाणवी अंदाज में बोलीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष , कहा – हाइड्रोजन ट्रेन का स्वागत करने को तैयार जींद

​जींद 10 जुलाई ​हरियाणा का जींद जिला आगामी 17 जुलाई को एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है। इस दिन देश और एशिया…

​जींद
​जींद 10 जुलाई

​हरियाणा का जींद जिला आगामी 17 जुलाई को एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है। इस दिन देश और एशिया की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित होने वाली रेलगाड़ी का भव्य शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद की ऐतिहासिक धरती पर करेंगे ।
प्रधानमंत्री की इस गरिमामयी जनसभा और रैली स्थल का जायजा लेने देर सायं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता रैली स्थल पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की और मीडिया से मुखातिब होते हुए हरियाणवी संस्कृति के अनूठे अंदाज में कहा कि आज हरियाणा की महिलाओं में इस बात की जबरदस्त चर्चा है कि- मोदी ने तो कती चाला पाड़ दिया, पानी तै भी रेल चला दी।”

​पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि इस ऐतिहासिक रैली में महिलाओं की भागीदारी अभूतपूर्व होने वाली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से आज प्रदेश की लाखों बहनें आत्मनिर्भर हुई हैं। कोई ‘लखपति दीदी’ बनी है तो कोई ‘ड्रोन दीदी’ बनकर खेती-किसानी की कमान संभाल रही है। आज क्षेत्र की कुछ बहनों ने मुझसे मिलकर बेहद भावुक बात कही। उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे ऐसे भाई हैं, जिन्होंने बिना हमारे घर आए ही इतनी दूर से हमारा भात (मायके की रस्म) भर दिया है।’ ऐसी जागरूक और कृतज्ञ बहनें अपने भाई का धन्यवाद करने के लिए लाखों की संख्या में इस पंडाल में पहुंचेंगी।”

अयोध्या (राम मंदिर) को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे चंदा चोरी के आरोपों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बिना लाग-लपेट के तपाक से उत्तर दिया। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार है। इस मामले में तुरंत SIT का गठन कर दिया गया है। डॉ. अर्चना ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “जिस किसी व्यक्ति ने भी एक रुपया की भी हेराफेरी या चोरी की होगी, वह पूरी तरह नपेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

​इस अवसर पर भाजपा के हिसार जिला प्रभारी जवाहर सैनी ने रैली की प्रशासनिक और सांगठनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एकलव्य स्टेडियम के सामने एक विशाल पंडाल का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें उपलब्ध भूमि का एक-एक इंच उपयोग कर अधिक से अधिक बैठने की जगह बनाई गई है। रैली में आने वाले वाहनों के लिए 100 एकड़ से अधिक क्षेत्र में पार्किंग ज़ोन बनाए गए हैं। सफीदों रोड से आने वाले वाहन हबतपुर रोड से होते हुए अंदर पार्क किए जाएंगे।


उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गोहाना रोड से होते हुए पहले सीधे रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, जहां से ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद वे सफीदों रोड और परशुराम चौक होते हुए मुख्य जनसभा पंडाल में प्रवेश करेंगे। इस पूरी रैली को ‘ग्रीन रैली’ के तौर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें स्वच्छता और पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

​जवाहर सैनी ने कहा कि देश की इस पहली पर्यावरण-अनुकूल ट्रेन को लेकर जनता और कार्यकर्ताओं में जो उत्साह है, उससे यह साफ है कि सुबह 9:00 बजे प्रधानमंत्री के आगमन से पहले ही यह विशाल ग्राउंड खचाखच भर चुका होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने भी आज दिनभर मैराथन बैठकें लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया है और वे जनता के इस भारी उत्साह से बेहद अभिभूत हैं।

अन्य खबरेें जानें  

GURUGRAM में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड , 4 बदमाश हुए ढेर और 1 बदमाश गंभीर रूप से घायल , 3 पुलिसकर्मी भी घायल

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *