नूंह, 26 अगस्त
नूंह में राजा शाहिद हसन खान मेवाती गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में दवाइयों, डॉक्टरों और मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर विधायक आफताब अहमद की अध्यक्षता में एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। धरने में सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे और मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
धरने को संबोधित करते हुए विधायक आफताब अहमद ने कहा कि नूंह का मेडिकल कॉलेज क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन मौजूदा स्थिति में यह महज ‘रेफर कॉलेज’ बनकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मरीजों को यहां आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।
आफताब अहमद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी आवश्यक जांच सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।
विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन, जिला प्रशासन और सरकार को सुविधाएं सुधारने के लिए एक महीने का समय दिया जा रहा है। यदि निर्धारित समय में मेडिकल कॉलेज में आवश्यक डॉक्टर, दवाइयां और जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो एक महीने बाद दोबारा बड़ा धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगला धरना अनिश्चितकालीन होगा।
धरने के दौरान लोगों ने मेडिकल कॉलेज में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की और सरकार से जल्द से जल्द व्यवस्थाओं में सुधार करने की अपील की।
अन्य खबरें जानें-



