Bathinda Stone Pelting :
बठिंडा जिला के रामपुर फूल का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने शहर में सनसनी फैला दी। यह वीडियो गांधी नगर क्षेत्र का है, जिसमें एक दर्जन के करीब युवक एक मकान की छत पर ईंट-पत्थर बरसाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि गली में खड़े अधिकांश युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए हैं। कुछ युवकों के हाथों में डंडे भी दिखाई दे रहे हैं। वे लगातार घर की छत की ओर ईंट-पत्थर फेंक रहे हैं। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद क्षेत्र में भय का वातावरण है। सूत्रों के मुताबिक, घटना दो पक्षों के बीच पुराने विवाद का परिणाम बताई जा रही है। हालांकि आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। इस संबंध में थाना सिटी रामपुरा के प्रभारी हरबंस सिंह ने बताया कि यह मामला दो पक्षों की आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांच हमलावरों की पहचान कर ली है। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य शामिल युवकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।



