ऑनलाइन डेस्क लिविंग/इंडिया न्यूज: रेलिगेयर फिनवेस्ट मामले में साकेत कोर्ट ने रैनबैक्सी और फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर मलविंदर, शिविंदर सिंह और तीन अन्य आरोपियों की चार दिन की रिमांड मंजूर की। पुलिस ने छह दिन की रिमांड मांगी थी। रेलिगेयर फिनवेस्ट कंपनी में 2397 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में शिविंदर-मलविंदर और अन्य आरोपियों को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया।
ईओडब्ल्यू ने शुक्रवार को ही मलविंदर को गिरफ्तार किया। दिल्ली पुलिस के लुकआउट नोटिस पर मलविंदर को बीती रात लुधियाना पुलिस ने हिरासत में लिया था। ईओडब्ल्यू की टीम उन्हें दिल्ली लेकर आई। दूसरे भाई शिविंदर सिंह को गुरुवार को ही गिरफ्तार कर लिया था।
रेलिगेयर फिनवेस्ट कंपनी की शिकायत पर ये कार्रवाई की गई। शिविंदर-मलविंदर रेलिगेयर फिनवेस्ट के भी पूर्व प्रमोटर हैं। उन पर रकम के हेर-फेर के आरोप हैं। ईओडब्ल्यू ने शिविंदर-मलविंदर के अलावा कवि अरोड़ा, सुनील गोधवानी और अनिल सक्सेना को भी गिरफ्तार किया था। ये तीनों रेलिगेयर फिनवेस्ट के प्रबंधन में शामिल थे।
मलविंदर ने एफआईआर रद्द करने की अपील की
मलविंदर ने एफआईआर रद्द करवाने के लिए शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की। उनका कहना है कि यह मामला दिल्ली पुलिस के न्याय क्षेत्र में नहीं आता। मलविंदर की याचिका पर अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया।


