बेंगलुरु, 10 अगस्त
कर्नाटक पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कर्नाटक पुलिस ने 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिसमें से 8 विदेशी नागरिक हैं और जबकि 21 लोग अलग-अलग राज्यों से और 10 स्थानीय निवासी हैं। कर्नाटक पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर करीब 55.80 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त की हैं।
कर्नाटक पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ‘मिशन राइज‘ के तहत ‘बेडा ब्रो‘ कार्यक्रम और बेंगलुरु सिटी पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। बेंगलुरु सिटी पुलिस आयुक्त ने बताया कि बेंगलुरु के अलावा दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और केरल में भी कार्रवाई की गई।
MDMA,कोकीन और गांजा समेत कई ड्रग्स बरामद
पुलिस आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान पुलिस को 21 किलो 641 ग्राम MDMA, 738 ग्राम कोकीन, 4 किलो 493 ग्राम हाइड्रो गांजा, 184 किलो 625 ग्राम गांजा, 1 किलो 65 ग्राम अफीम और 25 ग्राम मॉर्फिन बरामद किया गया। पुलिस को इसके अलावा 17 लाख नकद और 22 मोबाइल फोन व पांच दोपहिया वाहन भी बरामद किए।
कॉलेज छात्रों और आम लोगों को बेचते थे ड्रग्स
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विदेशों, दूसरे राज्यों और कर्नाटक के भीतर मौजूद अज्ञात सप्लायरों से कम कीमत पर प्रतिबंधित नशीले पदार्थ खरीदते थे। इसके बाद इन्हें आम लोगों और कॉलेज छात्रों को अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।जांच एजेंसी अब उन सप्लायरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जो आरोपियों को नशीले पदार्थ उपलब्ध कराते थे।
आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को अलग-अलग तारीखों में अदालत के सामने पेश किया गया। अदालत के आदेश के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि आरोपियों को ड्रग्स सप्लाई करने वाले अज्ञात लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। मामले में आगे भी कार्रवाई की जा रही है
अन्य खबरें जानें-


