रांची,10 अगस्त
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) में कथित अनियमितताओं के मामले में CID ने बड़ी कार्रवाई करते हुए JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या 20 हो गई है।
वहीं, JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन भी तेज हो गया है। बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा के पास पहुंचकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसके बाद पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कईं छात्र घायल हो गए।
JPSC कार्यालय में भी हो चुकी है छापेमारी
कथित परीक्षा अनियमितताओं की जांच झारखंड CID कर रही है। जांच के दौरान एजेंसी ने JPSC मुख्यालय में छापेमारी की और अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ के साथ संबंधित दस्तावेजों की जांच भी की।
विधानसभा मार्च में हजारों छात्र शामिल
JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्र पिछले 17 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। इसी कड़ी में बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा मार्च के लिए पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा के करीब पहुंचकर धरना शुरू कर दिया।
पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए विधानसभा के चारो र 6 लेयर की सुरक्षा तैनात की है और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों पर दागे आंसू गैस के गोले
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद छात्रों ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध जताया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े और लाठीचार्ज किया।
पुलिस लाठीचार्ज में कई छात्र घायल
पुलिस द्वारा लाठीचार्ज के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई छात्रों के हाथ, पैर और सिर में चोट लग गई। जबकि कईं छात्रों के सिर भी फट गए।कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस की बस पर भी चढ़ गए।
9 दिन से भूख हड़ताल पर छात्र नेता, एंबुलेंस से पहुंचे
छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। इसके बावजूद वह एंबुलेंस और स्ट्रेचर के जरिए विधानसभा मार्च में शामिल होने पहुंचे।उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अब जन-आंदोलन बन चुका है और छात्रों की मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। महतो ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कहा कि तीन दौर की बातचीत हो चुकी है, इसलिए अब सरकार को उनकी मांगों पर फैसला लेना चाहिए।उन्होंने चेतावनी दी कि अगर छात्रों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर ‘हेमंत सोरेन गद्दी छोड़ो‘ जैसे नारे भी लगाए गए।
छात्र JPSC और JSSC की विवादित परीक्षाओं को रद्द करने समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच हो।
अन्य खबरें जानें-
पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र का आखिरी दिन हंगामेदार, फीस रेगुलेशन बिल हुआ पास


