मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में उफनते नाले में बही 11 लोगों से भरी वैन, 9 लोगों की मौत, दो लोगों ने कूदकर बचाई जान

राजगढ़, 10 अगस्त मध्य प्रदेश में भारी बारिश के चलते नदियां-नालें उफान पर हैं और कई इलाकों का संपर्क बाहरी क्षेत्र से टूट गया है।…

मध्य प्रदेश

राजगढ़, 10 अगस्त

मध्य प्रदेश में भारी बारिश के चलते नदियां-नालें उफान पर हैं और कई इलाकों का संपर्क बाहरी क्षेत्र से टूट गया है। जिससे लोगों के जन-जीवन पूरी तरह  से अस्च-व्यस्त है।इसी बीच राजगढ़ में एक कार नाले में बह गई, जिससे 9 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार कार में 11 लोग सवार थे, जिसमें से 2 लोगों ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। कार में एक ही परिवार के सदस्य सवार थे। परिवार देवास जिले के सतवास क्षेत्र से सारंगपुर के कड़लावद जा रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन धांसड़ गांव निवासी मुकेश सिंह चौहान के नाम पर पंजीकृत है और हादसे के समय मुकेश ही वाहन चला रहा था।

पानी के तेज बहाव में बह गई वैन

पडाना के पास झिरी नाले पर करीब 30 फीट लंबे पुल का निर्माण चल रहा है। भारी बारिश के कारण नाले का पानी सड़क और पुल के ऊपर से बह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी बह रहा था। स्थानीय लोगों ने चालक को आगे जाने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वाहन चालक ने जोखिम उठाते हुए वैन को पानी में उतार दिया।

वैन जैसे ही पानी के बीच पहुंची, वह तेज बहाव की चपेट में आ गई और कुछ ही सेकंड में नाले में बह गई। हादसे के दौरान मुकेश और उसके चाचा हुकुम सिंह किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में कामयाब रहे और तैरकर अपनी जान बचाई। दोनों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में 9 शव बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू बोट और रस्सियों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। शुरुआत में सात शव बरामद किए गए थे, जबकि बाद में सभी 9 मृतकों के शव बरामद कर लिए गए। मृतकों में तीन बच्चे, तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सारंगपुर अस्पताल भेजा गया है।

गांव में पसरा मातम

इस हादसे की खबर जैसे ही धांसड़ गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके के लिए रवाना हो गए। हादसे के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है।

CM मोहन यादव ने जताया दुख, 4-4 लाख की सहायता

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राजगढ़ जिले के पचोर-सारंगपुर मार्ग पर बारिश के कारण हुई दुर्घटना में यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और लापता नागरिकों की खोजबीन के निर्देश दिए।

भारी बारिश से बिगड़े हालात

राजगढ़ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। कई गांवों का संपर्क टूट गया है, जबकि कुछ क्षेत्रों में बिजली और मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुआ है।

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। जिले में आपदा प्रबंधन, SDRF, पुलिस और होमगार्ड की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। भारी बारिश को देखते हुए कलेक्टर ने अगले आदेश तक जिले के सभी स्कूल बंद रखने के निर्देश भी दिए हैं।

 अन्य खबरें जानें-

कर्नाटक पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 8 विदेशी समेत 39 आरोपी गिरफ्तार, 55.80 करोड़ की ड्रग्स बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *