Ludhiana Suicide:
युवाओं में विदेश जाने की होड़ की निराशा घातक रूप ले रही है। शनिवार सुबह पंजाब के जाखल-लुधियाना रेलवे लाइन पर गांव लखमीरवाला के पास एक खतरनाक मामला सामने आया। एक 22 वर्षीय युवक ने ट्रेन के नीचे आकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि विदेश जाने की चाह में वह तीन बार वीजा के लिए रिजेक्ट हो गया। इसके चलते युवक ने यह कद़म उठा लिया।
जीआरपी चौकी इंचार्ज सहायक थानेदार सरबजीत सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ हैप्पी (22) के रूप में हुई है। जो थाना दिड़बा के अंतर्गत आते गांव सूलर का निवासी था। हरविंदर ने आईलेट्स की पढ़ाई पूरी कर ली थी और विदेश जाकर उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहता था। उसने विदेश जाने के लिए तीन बार फाइल लगाई थी। लेकिन तीनों ही बार उसका वीजा रिजेक्ट हो गया।
लगातार मिल रही असफलता के कारण वह काफी मानसिक तनाव में था। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 3 बजे हरविंदर ने गांव लखमीरवाला के पास एक अज्ञात ट्रेन के नीचे आकर अपनी जान दे दी। सहायक थानेदार सरबजीत सिंह ने बताया कि मृतक के पिता गुरतेज सिंह के बयान के आधार पर बीएसएनएन की धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।



