जींद, 25 सितंबर
जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान‘ के तहत चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (CRSU) में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसे प्रदेश भर का सबसे बड़ा रक्तदान शिविर बताया जा रहा है, जिसमें 1000 से अधिक युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रक्तदान किया।
मंत्री गौरव गौतम ने कहा- रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बनता
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा मामलों के राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई, जिससे इस आयोजन की सार्थकता और अधिक बढ़ गई।संबोधन के दौरान राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। उन्होंने कहा, “रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बनता, यह मानव द्वारा ही मानव की सेवा के लिए दिया जाता है। आपके द्वारा दान की गई रक्त की एक-एक बूंद न जाने कितने जरूरतमंद लोगों के अनमोल जीवन को बचाएगी।” उन्होंने ऐतिहासिक रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन, आयोजकों और रक्तदान करने वाले सभी युवाओं का आभार व्यक्त किया।
एशियन गेम्स में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर की उनकी तारीफ
एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर मीडिया से बातचीत करते हुए खेल राज्य मंत्री ने कहा कि जब भी हरियाणा के खिलाड़ी मैदान में उतरते हैं, तो पूरे देश की नजरें उन पर टिकी होती हैं। आज ‘खेल का मतलब हरियाणा‘ बन चुका है। हमारे खिलाड़ी जापान की धरती पर तिरंगा फहराकर और देश के लिए ढेरों मेडल जीतकर ही वतन वापस लौटेंगे।
नमो क्रिकेट लीग से युवा खेल से जुडेंगे
नमो क्रिकेट लीग पर उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं को खेल से जोड़ने के लिए इस तरह के आयोजन सराहनीय हैं। व्यस्तता और अलग-अलग जिम्मेदारियों के चलते कार्यक्रमों में सहभागिता रहती है, आगे भी युवाओं के प्रोत्साहन के लिए ऐसे भव्य आयोजन निरंतर होते रहेंगे।
अन्य खबरें जानें –



