यमुनानगर, 28 अक्टूबर
यमुनानगर में वोट चोरी के मुद्दे पर पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। यमुनानगर में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि वोट चोरी का आरोप लगाने वाली कांग्रेस पहले इसका सबूत पेश करे और बताए कि किन लोगों के वोट चोरी हुए हैं।
वोट चोरी के आरोपों पर मंत्री कंवरपाल का पलटवार
मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे को लेकर जनता को गुमराह कर रहा है। पूर्व मंत्री ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटा रहे हैं। उनके अनुसार, जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं, ऐसे मामलों में मतदाता सूची में संशोधन किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और वह अपने नियमों के अनुसार काम करता है। कंवरपाल गुर्जर ने कांग्रेस से मांग की कि यदि उसके पास किसी व्यक्ति का वोट गलत तरीके से काटे जाने का कोई प्रमाण है, तो उसे सार्वजनिक किया जाए।
पाकिस्तान को दी नसीहत, गरीबी के खिलाफ लड़ो लड़ाई
भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव और SCO सम्मेलन में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर भी कंवरपाल गुर्जर ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध चाहता है, लेकिन आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख स्पष्ट है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान को गरीबी के खिलाफ लड़ाई लड़नी चाहिए।
मंत्री कंवरपाल गुर्जर कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच इस बात को लेकर प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए कि कौन-सा देश पहले गरीबी को खत्म करता है और अपने नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाता है।
फिलहाल, वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी जारी है। वहीं भारत-पाकिस्तान संबंधों को लेकर भी नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं। अब देखना होगा कि विपक्ष इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देता है।
अन्य खबरें जानें-
Yamunanagar में CM फ्लाइंग का छापा, तीन दुकानों से लिए सैंपल , बेसमेंट में मिली खराब मिठाई की नष्ट



