यमुनानगर, 28 अक्टूबर
यमुनानगर में त्योहारी सीजन में मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते और फूड सेफ्टी टीम ने शहर की कई मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इस दौरान बीकानेर और जनता स्वीट हाउस समेत तीन दुकानों की जांच की गई और मिठाइयों के सैंपल लिए गए। एक अन्य दुकान के बेसमेंट में गंदगी के बीच रखी मिठाइयों में कीट-पतंगे मिलने पर टीम ने उन्हें जब्त कर नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने दुकानदार को साफ-सफाई सुधारने के निर्देश देते हुए कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
जब्त मिठाई को विभाग ने किया नष्ट
जांच के दौरान टीम ने दुकान के अलग-अलग हिस्सों में साफ-सफाई और मिठाइयों के रखरखाव की स्थिति भी देखी। अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित दुकानदार को नोटिस देने की बात कही गई है और 15 दिन के भीतर साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। व्यवस्था दुरुस्त न होने पर उचित कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जब्त की गई मिठाइयों को दुकान से बाहर ले जाकर गड्ढे में दबाकर नष्ट किया गया।
सैंपल रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने मिठाई विक्रेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन मिठाइयों के सैंपल लिए गए हैं, उनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस कार्रवाई के बाद मिठाई विक्रेताओं में सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है। अब सैंपल की जांच रिपोर्ट पर नजर रहेगी। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खबरें जानें-
Nuh मेडिकल कॉलेज का सहायक 22 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथ पकड़ा



