Kaithal Vigilance Arrest:
कैथल विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पब्लिक हेल्थ विभाग में कार्यरत डिप्टी सुप्रिडेंट समेत तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, विजिलेंस टीम ने ट्रैप लगाकर आरोपियों को उस समय पकड़ा जब वे लगभग 25 से 30 लाख रुपये के बिल पास करने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे।
हेल्थ विभाग के डिप्टी सुप्रिडेंट 20 हजार लेते पकड़ा-
पकड़े गए आरोपियों में पब्लिक हेल्थ विभाग के डिप्टी सुप्रिडेंट कमल कांत शामिल हैं, जो 20 हजार रुपये ले रहे थे। जबकि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के कर्मचारी बलजीत और अशोक 5-5 हजार रुपये लेते हुए पकड़े गए। विजिलेंस की टीम ने तीनों को पब्लिक हेल्थ विभाग के कार्यालय से ही रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



