कैथल, 19 जुलाई
कैथल जिला पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। करनाल रोड स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा एंटी नारकोटिक सैल, कैथल ने मात्र 12 घंटे के भीतर करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी SI प्रदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि फ्रेंड्स कॉलोनी, कैथल निवासी रवि वर्मा ने शिकायत दी थी कि 17 जुलाई की दोपहर वह अपनी करनाल रोड स्थित ज्वेलरी दुकान को शीशे के गेट पर ताला लगाकर गया था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने गेट का ताला तोड़कर दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली।
शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन, कैथल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने जांच एंटी नारकोटिक सैल, कैथल को सौंपते हुए आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी की टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात में संलिप्त आरोपी पिता-पुत्र को काबू कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यवान उर्फ भोला तथा उसके पुत्र रोहित उर्फ छोटू, दोनों निवासी गांव नरड़, जिला कैथल के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने इस चोरी के मामले को मात्र 12 घंटे के भीतर सुलझाकर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी SI प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी रोहित पर पहले भी चोरी के करीब 5 मामले दर्ज है। आरोपियों से गहन पूछताछ तथा चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए उनका पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम तथा अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
अन्य खबरें जानें –

