कैथल, 1 सितंबर
कैथल जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध SP मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल ने कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को काबू किया है। पुलिस को उसके कब्जे से 40 प्रतिबंधित बुप्रेनोरफिन व नालॉक्सोन टैबलेट तथा नशीला घोल तथा 5 पेटियों से 348 शीशियां पशुओं की दवाई बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल द्वारा अपराध एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए टीम करनाल रोड पर भैणी माजरा रोड कैथल के पास मौजूद थी। पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि जनकपुरी कॉलोनी कैथल निवासी शुभम उर्फ टिंकू निवासी काफी समय से एडनोक टैबलेट को पशुओं की दवाई में घोलकर नशीला मिश्रण तैयार करके नशा करने वाले व्यक्तियों को बेचता है। वह इस समय शुगर मिल कैथल के सामने बनी कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में नशीली गोलियों का घोल तैयार कर रहा है।
सूचना को विश्वसनीय होने के कारण पुलिस टीम द्वारा बताए स्थान पर शुगर मिल कॉलोनी की गली नंबर 7, शनि मंदिर के नजदीक निर्माणाधीन मकान में दबिश दी गई। जहां एक व्यक्ति के हाथ में सफेद रंग का पॉलीथीन मिला, जिसे पुलिस ने काबू कर लिया गया। आरोपी की पहचान जनकपुरी कॉलोनी कैथल निवासी शुभम उर्फ टिंकू के रूप में हुई।
तलाशी दौरान उसकी कमीज की जेब से एडनोक बुप्रेनोरफिन व नालॉक्सोन की 4 पत्तियां से 40 टैबलेट बरामद हुई। आरोपी के पास मौजूद पॉलीथीन से एक पारदर्शी प्लास्टिक की बोतल में नशीला घोल, 5 सीरिंज तथा 15 खाली प्लास्टिक की शीशियां बरामद हुईं। नशीले घोल से भरी बोतल सहित कुल वजन 632 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद गत्ते की पांच पेटियों की जांच की तो उनमें पशुओं के लिए इस्तेमाल होने वाली फिनरामाईन मैलएट इंजेक्शन की कुल 348 शीशियां बरामद हुईं। आरोपी इन दवाइयों में एडनोक की प्रतिबंधित गोलियां मिलाकर नशीला घोल तैयार करता है तथा छोटी शीशियों में भरकर एक शीशी को सीरिंज सहित 100 रुपये में नशा करने वाले व्यक्तियों को बेचता है।
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर द्वारा उक्त सभी दवाइयों को प्रतिबंधित बताया। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन कैथल मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे पूछताछ की जाएगी।
अन्य खबरें जानें –
अलवर में 400 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 9 साल का बच्चा, 5 घंटे बाद सुरक्षित निकाला



