Kaithal में डिजिटल अरेस्ट कर रिटायर्ड अध्यापिका से 1.23 करोड़ ठगे, महज 4 दिन में पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

कैथल, 18 नंवबर कैथल पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।ऐसे ही फोन पर डिजिटल अरेस्ट करके रिटायर्ड अध्यापिका से 1…

कैथल

कैथल, 18 नंवबर

कैथल पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।ऐसे ही फोन पर डिजिटल अरेस्ट करके रिटायर्ड अध्यापिका से 1 करोड़ 23 लाख रुपये की ठगी करने के मामला सामने आया था। जिस पर कैथल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महज 4 दिन के अंदर ही 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।आरोपियों की  पहचान सेक्टर-1 गाजियाबाद यूपी निवासी पीयूष तिवारी व गांव मस्कद बरारीपुर जिला भागलपुर बिहार निवासी पंकज  के रूप में हुई हैं।

3 नवंबर को आया था ठग का फोन

पुलिस को दी गई शिकायत में शिकयतकर्ता ने बताया कि 3 नवंबर को उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने  उसे बताया कि उसके नाम पर केनरा बैंक में खाता है, जिसमें फ्रॉड का पैसा आया है और उसके खिलाफ शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उसने केनरा बैंक में कोई खाता होने से मना किया तो फोनकर्ता ने उसे गिरफ्तार करवाने की धमकी दी।

फर्जी वारंट भेजकर किया डिजिटल अरेस्ट

इसके बाद 4 नवंबर को व्हाट्सएप से फोन आया। फोनकर्ता ने खुद को पुलिस अधिकारी विजय खन्ना बताते हुए उसके नाम गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात कही तथा व्हाट्सएप पर सरकारी मोहर लगा फर्जी वारंट भेज दिया। आरोपियों ने उसे डिजिटल अरेस्ट करने की बात कहकर कैमरे के सामने रहने तथा किसी से बात नहीं करने की हिदायत दी।

वीडियो कॉल पर करवाई नकली सुनवाई

इसके बाद आरोपियों ने व्हाट्सएप से राहुल गर्ग नामक फर्जी एडवोकेट को उसके सामने पेश किया और वीडियो कॉल के माध्यम से फर्जी कोर्ट की सुनवाई करवाई। फर्जी कोर्ट द्वारा उसे बताया गया कि जांच के लिए उसे अपनी सारी बैंक राशि सरकारी बैंक खाते में जमा करवानी होगी तथा निर्दोष पाए जाने पर उसकी पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। आरोपियों के झांसे में आकर उसने अपनी एफडी तुड़वाकर 33 लाख रुपये RTGS के माध्यम से बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।

फर्जी दस्तावेज भेजकर डराते रहे ठग

इसके बाद उसने अपने किसान विकास पत्रों की करीब 90 लाख रुपये की राशि SBI खाते में ट्रांसफर करवाई तथा 7 नवंबर को 50 लाख रुपये RTGS के माध्यम से बताए गए खाते में भेज दिए। इसके अतिरिक्त 40 लाख रुपये बंधन बैंक खाते में ट्रांसफर करने के लिए भी कहा गया। आरोपियों द्वारा लगातार वीडियो कॉल के माध्यम से उस पर निगरानी रखी जा रही थी तथा फर्जी दस्तावेज भेजे जा रहे थे।

1.23 करोड़ गंवाने के बाद खुली पीड़ित की आंख

8 नवंबर को उसका बेटा घर आया तो उसने उसे सारी बात बताई। बेटे ने फोनकर्ता से बातचीत की तो उसने इसे साइबर फ्रॉड बताया। इस प्रकार आरोपियों ने पुलिस अधिकारी व फर्जी एडवोकेट बनकर फर्जी कोर्ट की सुनवाई करवाते हुए उसे डिजिटल अरेस्ट करके कुल 1 करोड़ 23 लाख रुपये की ठगी कर ली। जिस बारे थाना साइबर क्राइम कैथल में मामला दर्ज कर लिया गया है।

13 नवंबर को बिहार से काबू आया पंकज

मामले में त्वरित कार्रवाही करते हुए आरोपी 13 नवंबर को आरोपी पंकज को मुजफ्फरपुर जिला बिहार से काबू कर लिया गया। जिसकी भागलपुर में कपड़ा की दुकान है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पीयूष तिवारी ने कमीशन का लालच देकर उसका खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था।

पुलिस को पीयूष का 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल

जिसके बाद पुलिस टीम द्वारा आरोपी पीयूष तिवारी को 14 नवंबर को गाजियाबाद से काबू कर लिया गया। आरोपी पीयूष कमीशन पर खाता लेकर आगे साइबर ठगों को उपलब्ध करवाता था। उक्त मामले में करीब 40 लाख रुपये फ्रीज करवाए गए हैं। आरोपी पीयूष का अदालत से 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।

अन्य खबरें जानें –

मोरनी हादसे में घायल हुए कर्मियों से देर रात मिले CM सैनी, जल्द स्वस्थ होने की कामना की

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *