Bhiwani में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने खोला निर्जला व्रत, घाट पर उमड़ा सैलाब, संपन्न हुआ छठ महापर्व

भिवानी, 15 नवंबर भिवानी में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। चार दिनों तक चलने वाले इस पावन…

भिवानी

भिवानी, 15 नवंबर

भिवानी में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व के अंतिम दिन सुबह होते ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतधारी महिलाओं और पुरुषों ने पानी में खड़े होकर उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना की।

घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पूजा-अर्चना कर अपना 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत खोला। इस दौरान घाट पर भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला।छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना किया जाता है, जबकि तीसरे दिन अस्त होते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाता है। वहीं चौथे और अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाता है।

सुख-शांति और समृद्धि के लिए की पूजा

श्रद्धालु बांस की सूपली में फल, प्रसाद और पूजा सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। मान्यता है कि छठी मैया और सूर्यदेव की आराधना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और परिवार में सुख-शांति व समृद्धि आती है।

हजारों श्रद्धालुओं ने घाट पर की पूजा-अर्चना

श्रद्धालुओं की छठ पूजा से गहरी आस्था जुड़ी हुई है। हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं।छठ पूजा को लेकर महिलाओं में भी विशेष उत्साह नजर आया। व्रतधारी महिलाओं ने बताया कि यह पर्व संतान की प्राप्ति, बच्चों की लंबी आयु, पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-शांति के लिए किया जाता है। इस कठिन व्रत में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ पूजा करते हैं। छठ पर्व की विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।

भिवानी में छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर गूंजते छठी मैया के जयकारों के बीच चार दिवसीय पर्व का समापन हुआ।

  अन्य खबरें जानें –

Major robbery in Chandigarh’s Sector 8: कुक ने खाने में जहर मिलाकर महिला को किया बेहोश, लाखों के गहने-नकदी लेकर फरार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *