चंबा, 6 अक्टूबर
चंबा में HRTC सेक्शन ऑफिसर पर वित्तीय अनियमितता के आरोप, चालक यूनियन ने दी 8 अक्टूबर से चक्का जाम की चेतावनी, 3 महीने से एचआरटीसी चालकों परिचालकों के खाते में जीपीएफ भी जमा न होने के लगाए गंभीर आरोप।
24 घंटे में कार्रवाई की मांग
HRTC चालक-परिचालकों ने सेक्शन ऑफिसर चंबा और प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चालक-परिचालक यूनियन ने शिमला में धरना प्रदर्शन कर चंबा में तैनात सेक्शन ऑफिसर पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया है और 24 घंटे में अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर 8 अक्टूबर से चंबा में और 9 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में बसों के पहिए जाम करने की शिमला में चेतावनी दी है।
प्रबंधन पर अधिकारी को बचाने का आरोप
HRTC चालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने कहा कि सेक्शन ऑफिसर HRTC चंबा लगातार वित्तीय अनियमितताएं कर रहे हैं और उसका ठीकरा कंडक्टरों पर फोड़ा जा रहा है। चालक-परिचालक सेक्शन ऑफिसर की मनमानी बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रबंधन भी सेक्शन ऑफिसर का बचाव कर रहा है जबकि चालक-परिचालकों को बेवजह तंग किया जा रहा है।20 दिन से अधिक समय बीत जाने पर भी सेक्शन ऑफिसर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में प्रबंधन का ये रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
8 को चंबा में HRTC बसें बंद
मान सिंह ठाकुर ने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के भीतर सेक्शन ऑफिसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो 8 अक्टूबर से चंबा डिपो के पहिए जाम किए जाएंगे। पहले दिन चंबा जिला में बसें बंद रहेंगी और अगर उसके बाद भी प्रबंधन नहीं जागा तो पूरे हिमाचल प्रदेश में 9 अक्टूबर से बसों के पहिए जाम कर दिए जाएंगे।
इसके अलावा चालक परिचालक यूनियन ने आरोप लगाया कि HRTC चालक-परिचालकों का 3 महीने से GPF अकाउंट में GPF जमा नहीं हो रहा है, जबकि सैलरी से GPF काटा जा रहा है। अगर प्रबंधन ने चालकों का GPF उनके खाते में जमा नहीं किया तो प्रबंधन के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
अन्य खबरें जानें-
Bike theft gang busted in Kaithal: 3 बाइक चोर गिरफ्तार, 12 बाइक बरामद



