ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: मनाली व लाहुल-स्पीति में मौसम ने करवट ली और यहां पर हल्का हिमपात शुरू हो गया। रोहतांग के दोनों ओर घाटी में दो दिन मौसम साफ रहने के बाद घाटी में बर्फ व बारिश का दौर शुरू हो गया। पहाड़ियों पर हो रहे हिमपात से तापमान में भी भारी गिरावट आ गई है। खराब मौसम ने हालांकि लोगों व राहगीरों की दिक्कतें बढ़ाई हैं लेकिन मनाली घूमने का खूब मजा ले रहे हैं। मनाली के स्नो प्वाइंटों पर भी सैलानियों का जमकर सैलाब उमड़ रहा है। खराब मौसम के कारण शनिवार को लाहुल के लिए हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया था |
हिमाचल में दो दिन भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी के बीच मौसम ने करवट बदली है। शनिवार को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हुआ जो रविवार को भी जारी रहा वहीं राजधानी शिमला सहित जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई | साथ ही प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार से चला बर्फबारी का क्रम रविवार को भी जारी रहा। जिसें ऊची चोटियों ने फिर सफेद चादर ओढ़ ली है। पर्यटक बर्फ के दीदार के लिए कुफरी, नारकंडा, खजियार, मनाली, सोलंगनाला आदि पर्यटन स्थालों में पहुंच रहे हैं।
मौसम विभाग के निर्देश मनमोहन सिंह ने शनिवार और रविवार को सूबे के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। चार मार्च तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। पांच से सात मार्च तक मौसम साफ रहेगा। वहीं मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि होने की चेतावनी है रोहतांग दर्रा में शुक्रवार देर रात से बर्फबारी का दौर जारी है। कुल्लू और मनाली समेत निचले इलाकों में दिन भर बारिश हुई। रोहतांग दर्रा में 35 सेंटीमीटर, सोलंगनाला में 12, कोकसर में 15, जलोड़ी दर्रा में 10 और जिला मुख्यालय केलांग में 8 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड हुई है।
घाटी में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शनिवार को जनजातीय जिला किन्नौर सहित रामपुर और कुल्लू जिले के आउटर सिराज की ऊंची चोटियों में भी बर्फबारी रिकॉर्ड हुई। किन्नौर सहित रामपुर और आउटर सिराज क्षेत्र में नेशनल हाईवे सहित अधिकांश ग्रामीण रूटों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। शनिवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी दर्ज हुई।




