ऑनलाइम डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: क्यों हर साल बारिश में बह जाते हैं सरकार के दावे? गर्मियों में हरियाणे की धरती सूख जाती है। दक्षिण हरियाणा में लोगों के कंठ पानी के लिए तरस जाते हैं। जमीन में दरार सी पड़ने लगती है। लोग बेहाल होते दिखाई देते हैं। लोग राहत पाने के लिए कई तरह के प्रयास करते दिखाई देते हैं। भरपूर परेशान करने के बाद गर्मी जाने लगती है। देर से ही सही, मॉनसून की आहट होती है।
सड़के समंदर में तब्दील
मॉनसून हर साल आता है, हर साल बारिश होती है, सरकार हर साल लाख दावे करती है, और हर साल सरकार के दावे बारिश में धुल जाते हैं। आलम ये होता है कि हर साल हरियाणा में सड़क समंदर बन जाता है। कई सरकारें आई, गई, लेकिन हरियाणा की ये तस्वीर नहीं बदली, अंबाला, यमुनानगर, सोनीपत पानीपत, गुरुग्राम जिस शहर का नाम ले लीजिए, हर जगह कमोबेश सड़क समंदर में तब्दील हो चुका है, गलियां तालाब और घर से होकर नहर बह रही है। यहां तक कि सरकारी मुलाजिमों की कुर्सी भी इस बारिश में डूब चुकी है।
निचले इलाकों में बारिश का पानी घर कर गया है। अंबाला यमुनानगर में इसका असर ज्यादा है, सरकार के मंत्री अनिल विज ने तमाम दावे किये थे, अधिकारियों को तमाम दिशा निर्देश लेकिन सभी इस बारिश में बह गए। सड़क पर कहीं कमर भर पानी भरा है तो कहीं घुटने तक। गाड़ियां डूब-डूब कर चल रही हैं और आदमी रेंग-रेंग कर।
लोग घर छोड़ने को मजबूर
घर में पानी ऐसे घर कर चुका है कि लोग घर छोड़कर जाने को मजबूर हैं। अंबाला की बात करें तो कई इलाकों में चार-चार फुट पानी तक पानी भरा है। पानी निकासी के प्रशासन के सभी दावे फेल हो गये हैं। अंबाला छावनी, महेश नगर थाना भी जलभराव से अछूता नहीं रहा। पूरा थाना जलमग्न हो चुका है, और थाने के रिकॉर्ड रूम, कंट्रोल सेंटर, हवालात समेत सभी कमरों में पानी जमा हो गया है।
ये तब है, जब सरकार जानती है कि हर साल मॉनसून में इन इलाकों में ये हालत होती है। यानी ये समझ लीजिए कि सरकार ने वाटर लॉगिंग के प्रबंधन के लिए कुछ नहीं किया। अगर किया होता तो हरियाणा की ये सड़कें आज समंदर में तब्दील ना होती। हालांकि अभी शुरुआती बारिश है। कुछ दिन बाद स्थिति और भी भयावह हो सकती है, जब यमुना उफान पर आएगी. सरकारी अधिकारी एसी कमरों में बैठकर हिसाब किताब लगाएंगे, मंत्री अपना काम दिखाने के लिए हेलीकॉप्टर की ऊंचाईयों से स्थिति का जायजा लेते दिखेंगे, लेकिन जिन्हें बेघर होना पड़ता है, उनका दर्द शायद ही कोई समझता है, जिनकी फसलें तबाह हो जाती है, उन्हें मुआवजे के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ती है।
यमुनानगर भी बारिश के पानी से बदहाल है, रादौर में बारिश आफत बनकर आई है, सड़क से घरों तक लोगों को मुसीबतें झेलनी पड़ रही है, छोटाबांस के बकाना रोड कॉलोनी में लोगों के घरों में पानी घुस चुका है, लोगों की माने तो बरसाती पानी की निकासी का उचित प्रबंध नहीं है जिस कारण ये हालात बने हैं। वहीं दूसरी ओर कुरुक्षेत्र सहारनपुर हाइवे पर जमा बरसाती पानी ने गाड़ियों की गति पर भी ब्रेक लगा दी है। पीएनबी बैंक के पास सड़क का हिस्सा धंस जाने के कारण सड़क के बीचों बीच डंफर फंस गया। लोगों का कहना है कि यहां नाले का निर्माण नहीं किया गया है जिस कारण ये समस्या आई है।
VIDEO भी देखें..
https://www.facebook.com/livingindianewsharyana/videos/343852616527996/




