Gurugram Interstate Gang Busted:
गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 ने एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। यह गिरोह केवल आम जनता को ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड के बड़े सितारों को भी अपनी ठगी का शिकार बना चुका है। नकली सोने के सिक्के दिखाकर ढाई करोड़ और 50 तोला सोना ठगने वाले इस गिरोह के 4 सदस्यों को पुलिस ने गुजरात से दबोचने में सफलता प्राप्त की है। दरअसल मामला गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके का है, जहाँ एक व्यक्ति को सस्ते सोने का लालच देकर करोड़ों की चपत लगाई गई। ठगों का तरीका बेहद शातिर था। पहले असली सिक्के दिखाकर विश्वास जीतते और फिर बड़ी डील के वक्त पीतल के सिक्कों पर सोने का पानी चढ़ाकर थमा देते।
ढाई करोड़ रुपए नकद और 50 तोला सोना लिया बदले में नकली सिक्के
डीसीपी क्राइम ने बताया कि गिरोह के सदस्य मजदूर का भेष बनाकर घूमते थे। लोगों को झांसा देते थे कि उन्हें खुदाई में सोने के सिक्के मिले हैं। विश्वास जीतने के लिए वे पहले असली सिक्के दिखाते थे, लेकिन बड़ी डील के वक्त पीतल के सिक्कों पर सोने का पानी चढ़ाकर उन्हें थमा देते और फरार हो जाते। गिरोह ने सुशांत लोक के एक निवासी को अपना शिकार बनाया था। आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास में लेकर उससे ढाई करोड़ रुपए नकद और 50 तोला सोना ले लिया और बदले में नकली सिक्के दे दिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और दो आरोपियों को गुरुग्राम व दो को गुजरात से गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी प्रभुभाई बेहद रंगीन मिजाज और शातिर है। उसने ठगी की कमाई से लव यू नाम की एक गुजराती फिल्म बनाई है और दिल्ली-मुंबई रोड पर एक बड़ा होटल भी खरीद रखा है। वह अपनी पत्नी को राजनीति में स्थापित करने के लिए पार्षद का चुनाव लड़वाने की तैयारी में भी था।
अनेक बॉलीवुड अभिनेता को बना चुके हैं शिकार
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी प्रभुभाई ने करीब 15 साल पहले बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली से 25 लाख रुपए और मशहूर लेखक सलीम खान के पीए से 20 लाख रुपए की ठगी की थी। आरोपी पर गुजरात और महाराष्ट्र में धोखाधड़ी के दर्जनों मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोलंकी प्रभुभाई उर्फ कल्पेश निवासी वडोदरा, गुजरात,पंकज शर्मा निवासी नांगलोई, दिल्ली,मनीष कमलेश शाह निवासी वडोदरा, गुजरात व ईश्वर मारवाड़ी निवासी वडोदरा, गुजरात के रूप में हुई है।
अन्य ख़बरें जानें-
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



