Ghaziabad Triple Suicide:
दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में मंगलवार की देर रात भयानक वारदात सामने आई। यहां तीन सगी बहनों ने एक साथ 9वीं मंजिल से एकसाथ कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को किशोरियों के कमरे से आठ पेज का एक सुसाइड नोट मिला है। वहीं कमरे की दीवार पर मेक मी ए हार्ट ऑफ अलोन लिखा हुआ मिला है।

घटना थाना टीला मोड़ थाना इलाके की भारत सिटी सोसाइटी में की है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि तीनों नाबालिगों ने देर रात करीब दो बजे एक साथ सोसायटी की 9वीं मंजिल से छलांग लगाई।
आई एम सॉरी, पापा-
कमरे से मिले सुसाइड नोट में किशोरियों ने पापा से माफी मांगी है। नोट में लिखा है कि ‘इस डायरी में जो कुछ भी लिखा है, वो सब पढ़ लो क्योंकि ये सब सच है। आई एम सॉरी, पापा।’ सुसाइड नोट में एक इमोजी भी बना है, जिसमें एक लड़की रोते हुए दिखाई गई है।’ तीन बेटियों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों के कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, किशोरियों के माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे।
कोरियन कल्चर से प्रभावित-
गाजियाबाद के डीसीपी निमिष पाटिल ने कहा, ‘अभी तक की जांच में सामने आया है कि तीनों बच्चियों ने आत्महत्या की है। हमें एक नोट भी प्राप्त हुआ है जिसकी आधिकारिक जांच की जा रही है। जांच में किसी ऐप का नाम नहीं है, लेकिन नोट में लिखा है कि लड़कियां कोरियन कल्चर से प्रभावित थी। उसी के चलते उन्होंने आत्महत्या की है। लड़कियों के पिता की दो शादियां हुई थी, इनकी माता अलग-अलग हैं।’
ऑनलाइन कोरियन गेम खेलने की थी लत-
तीनों बहनें पिछले कुछ महीनों से ऑनलाइन गेम खेलने की आदी हो चुकी थीं। तीनों बहनें पिछले कुछ माह से ऑनलाइन टास्क बेस्ड कोरियन लवर गेम खेल रही थीं। उनकी उम्र 16, 14 और 12 वर्ष थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पिता ने बताया है कि लड़कियों को ऑनलाइन कोरियन गेम खेलने की लत थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को गेम का आखिरी टास्क था। नाबालिग लड़कियां आखिरी टास्क पूरा करने के बाद सोसायटी के 9वें फ्लोर से कूद गईं। बच्चियों के पिता ने आगे बताया कि बीच वाली बच्ची इस गेम की लीडर थी।



