ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री और झज्जर की कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वो देश की जनता को धर्म और जाति के नाम पर बांट रही है। उन्होंने कहा कि बेशक भाजपा के पास संख्याबल है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि वो देश की जनता का धर्म और जाति के नाम पर बंटवारा करे।
दरअसल, भुक्कल ग्वालीशन मार्ग पर स्थित एक स्वयं सेवी संस्था द्वारा लगाए गए नेत्र चिकित्सा शिविर कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची थी। उन्होंने कहा कि एनआरसी बेशक लोस और राज्य सभा में पास हो गया है। लेकिन उसके पास होने के बाद देश में दंगें हो रहे हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था का कायम रखना और देश में शांति बनाए रखना सरकार का काम है,लेकिन भाजपा इन दोनों में ही असफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा एनआरसी सहित अन्य जो बिल लोस के पटल पर लाए गए है, वो देश की जनता को धर्म और जाति के नाम पर बांटने वाले है। अगर ये सहीं होते, तो देश में जगह-जगह पर दंगें न भड़क़ते। उन्होंने कहा कि चुनाव के दृष्टिगत ही सोची-समझी चाल के तहत इस प्रकार के बिल लाए जाते है जो कि जनता के बीच धर्म व जाति के तहत भडक़ाने वाले होते है। लेकिन जब जनता यहां तक कि स्टूडेंट इस मामले में अपनी आवाज उठाते है तो फिर बेकसूर लोगों पर लाठियां भांजी जाती है। जो कि न्यायसंगत नहीं है।


