7 जुलाई
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 मुकाबले में स्पेन ने इंजरी टाइम में किए गए गोल की बदौलत पुर्तगाल को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबले का एकमात्र और निर्णायक गोल 90+1वें मिनट में मिकेल मेरिनो ने किया। इसी हार के साथ कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
मैच का पहला हाफ बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने कई शानदार मौके बनाए, लेकिन कोई भी गोल में तब्दील नहीं हो सका। स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल बढ़त दिलाने का सुनहरा मौका चूक गए, जबकि पुर्तगाल के गोलकीपर डियोगो कोस्टा ने एलेक्स बेना के शानदार कर्लिंग शॉट को बचाकर टीम को शुरुआती झटका लगने से बचाया।
पुर्तगाल ने भी लगातार स्पेन के डिफेंस पर दबाव बनाए रखा। कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कई आक्रमण किए, वहीं नूनो मेंडेस का डिफ्लेक्टेड शॉट क्रॉसबार से टकराकर लौट आया। इसके बावजूद पुर्तगाल पूरे मैच में गोल करने में सफल नहीं हो सका।
दूसरे हाफ में मुकाबला बराबरी पर चलता रहा और मैच अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता नजर आ रहा था। लेकिन इंजरी टाइम के पहले मिनट में स्पेन के दो सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों ने मैच का रुख बदल दिया। फेरान टोरेस के सटीक पास पर मिकेल मेरिनो ने शानदार फिनिश करते हुए गेंद को जाल में पहुंचाया और स्पेन को 1-0 की यादगार जीत दिला दी।
इस हार के साथ 41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप करियर भी समाप्त हो गया। मैच से पहले ही रोनाल्डो ने घोषणा की थी कि फीफा विश्व कप 2026 उनके करियर का आखिरी विश्व कप होगा। उन्होंने अपने विश्व कप करियर में 27 मैचों में 11 गोल किए और लगातार छह अलग-अलग विश्व कप संस्करणों में गोल करने वाले पहले पुरुष फुटबॉलर बनने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया।
स्पेन ने रचा इतिहास
स्पेन ने इस जीत के साथ विश्व कप इतिहास में लगातार छह मैचों में क्लीन शीट रखने वाली पहली टीम बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में स्पेन का सामना अमेरिका और बेल्जियम के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम से होगा।
अन्य खबरें जाने –





