चंबा 7 जुलाई
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने भारी तबाही मचाई है। शिमला के रामपुर क्षेत्र में बादल फटने से कई गांवों का संपर्क कट गया तो वहीं चंबा में चलती कार पर पहाड़ी से पत्थर गिर गया । जिससे 14 साल की किशोरी की मौत हो गई । मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और नदियों के किनारे न जाने की चेतावनी दी है।
शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की ब्रांदली खड्ड में बादल फटने से नरैण और पलजारा पंचायतों में भारी नुकसान हुआ। बाढ़ के कारण खेल के मैदान, श्मशानघाट, पैदल पुल, संपर्क सड़कें और खेत प्रभावित हुए, जबकि कई गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया।
चंबा जिले के भरमौर में बन्नी माता मंदिर से लौट रही एक कार पर पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिर गया। हादसे में धर्मशाला की 14 वर्षीय दीक्षिता की मौत हो गई। वहीं सलूणी और चुराह क्षेत्र में भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें बंद रहीं तथा कई गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
मंडी के जोगिंद्रनगर में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए। अस्पताल में पानी घुसने से अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानों व खेतों को नुकसान पहुंचा। कुल्लू और लाहौल-स्पीति में भी बारिश का असर देखने को मिला। सैंज क्षेत्र में सड़कें बाधित रहीं और रोहतांग दर्रे पर ताजा बर्फबारी हुई।
मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन समेत कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।प्रशासन ने पंडोह डैम सहित कई जलविद्युत परियोजनाओं से पानी छोड़े जाने की चेतावनी देते हुए लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।
अन्य खबरें जाने –




