19 जुलाई
फीफा विश्व कप 2026 में कांस्य पदके के लिए खेले गए मैच में इंग्लैंड ने फ्रांस को 6-4 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया। गोलों की बारिश वाले इस मैच में दोनों टीमों ने मिलकर 10 गोल दागे, जिससे यह विश्व कप इतिहास के सबसे हाई-स्कोरिंग मैचों में शामिल हो गया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबलों में यह अब तक का सबसे हाई-स्कोरिंग मैच भी बन गया।
इंग्लैंड ने पहले हाफ में ही 4-0 की बढ़त बनाकर मैच पर मजबूत पकड़ बना ली थी। टीम की जीत के हीरो बुकायो साका रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाई। साका ने 37वें मिनट, पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम और 87वें मिनट में पेनल्टी के जरिए गोल दागे। यह उनके करियर की दूसरी हैट्रिक रही।
दूसरे हाफ में फ्रांस की टीम ने जबरदस्त वापसी की।कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने दो गोल किए, जबकि ब्रैडली बारकोला और उस्मान डेम्बेले ने एक-एक गोल दागा।लेकिन इंग्लैंड की टीम ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए मुकाबला 6-4 से जीत लिया और तीसरे स्थान के साथ टूर्नामेंट का समापन किया।
हार के बावजूद किलियन एम्बाप्पे ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कीं। उन्होंने विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ दिया। एम्बाप्पे के नाम अब 22 विश्व कप मैचों में 22 गोल हो गए हैं, जबकि मेसी के खाते में 21 गोल दर्ज हैं। इसके साथ ही एम्बाप्पे 10 गोल के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में भी सबसे आगे पहुंच गए हैं।
आज सभी की निगाहें फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले पर हैं, जहां स्पेन और अर्जेंटीना की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।देखने वाली बात होगी कि स्पेन अपना दूसरा खिताब जीत पाती है या अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रचती है।
अन्य खबरें जानें –


