दिल्ली, 21 जुलाई
देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को पंजाब, हरियाणा और कई अन्य राज्यों के किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली कूच पर निकल पड़े हैं। दिल्ली के किसान घाट पर भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को रद्द करने, MSP की कानूनी गारंटी समेत कई मुद्दों पर विशाल महापंचायत और महारैली का आयोजन किया जा रहा है।
पंजाब से बड़ी संख्या में किसान शंभू बॉर्डर के रास्ते दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर को सील कर दिया है। पुलिस ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग कर दी है।दिल्ली पुलिस ने भी ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। सुबह 8:30 बजे से आवश्यकता अनुसार यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं।
किसान संगठनों का कहना है कि भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता लागू होने से गेहूं, धान, डेयरी और सब्जी उत्पादक किसानों की आय पर सीधा असर पड़ेगा। उनका दावा है कि सस्ते कृषि आयात से मंडियों में फसलों के दाम गिरेंगे, जिससे छोटे किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर होगी और कृषि क्षेत्र में कॉरपोरेट का दखल बढ़ेगा।किसानों की प्रमुख मांगों में भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करना, सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, किसानों के हितों की रक्षा और कृषि विरोधी नीतियों को वापस लेना शामिल है।
किसान नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन किसानों के अधिकारों और कृषि क्षेत्र के भविष्य की रक्षा के लिए किया जा रहा है। वहीं, प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है और दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
अन्य खबरें जानें-

