Surajkund Mela Accident:
फरीदाबाद में के सूरजकुंड मेला में झूला टूटकर गिरने के दौरान एसएचओ की मौत हो गई। ड्यूटी पर तैनात एसएचओ जगदीश ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए तत्काल बचाव कार्य प्रारंभ किया। लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। डीजीपी अजय सिंघल ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और दिवंगत इंस्पेक्टर जगदीश की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
पॉलिसी के तहत 1 करोड़ रुपये की राशि-
डीजीपी सिंघल ने कहा कि इंस्पेक्टर जगदीश के परिजनों को पॉलिसी के तहत 1 करोड़ रुपये की राशि तथा विभाग द्वारा दिए जाने वाले अन्य लाभ प्रदान किए जाएंगे और कहा कि हरियाणा पुलिस की तरफ से परिजनों की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि सूरजकुंड मेले में ड्यूटी के दौरान निरीक्षक जगदीश ने असाधारण साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने कर्तव्यों से पीछे हटने के बजाय लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी तत्परता और बहादुरी के कारण कई लोगों की जान बचाई जा सकी, जो पुलिस सेवा की सर्वोच्च परंपराओं का जीवंत उदाहरण है।
परिवार के प्रति गहरी संवेदना-
डीजीपी ने कहा कि निरीक्षक जगदीश का योगदान और समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा तथा उनका निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि विभाग परिवार के साथ इस कठिन समय में पूरी मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। दिवंगत निरीक्षक जगदीश जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे। वे 31 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन पलवल से सूरजकुंड मेला ड्यूटी हेतु नियुक्त किए गए थे।



