Defence Minister Raj Nath Singh: भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार (20 जून) को दो दिवसीय दौरे पर जम्मू कश्मीर के उधमपुर पहुंचे हैं. वहां उन्होनें उत्तरी कमान के मुख्यालय में सैनिकों को संबोधित भी किया. रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भारतीय धरती पर कोई आतंकवादी हमला हुआ तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे, क्योंकि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है और भारत आतंकवाद के खिलाफ कोई भी कार्रवाई करने के लिए तैयार है.
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उधमपुर में उत्तरी कमान के जवानों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पाकिस्तान को यह संदेश दिया कि भारत के खिलाफ “हजार घाव” देने की उसकी नीति कभी सफल नहीं होगी.
सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी के साथ मौजूद सिंह ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है… इस ऑपरेशन के जरिए हमने पाकिस्तान को बता दिया है कि भारत में आतंकवाद जारी रहना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसका जवाब बुरे से भी बुरा होगा.
उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 की ‘एयर स्ट्राइक’ (सीमा पार) का विस्तार है। हमने पाकिस्तान को बता दिया है कि भारत को “हजार घाव” देने की उसकी नीति कभी सफल नहीं होगी.”
रक्षा मंत्री ने कहा, “भारतीय धरती पर कोई भी आतंकवादी हमला पाकिस्तान के लिए विनाशकारी साबित होगा। भारत आतंकवाद के खिलाफ कोई भी कार्रवाई करने के लिए तैयार है।”
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने 6 और 7 मई की मध्यरात्रि को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ढांचों पर हमला किया. यह हमला 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का बदला लेने के लिए किया गया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



