ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: अस्पताल के आसपास ढोल या बैंड बाजा तो दूर हार्न बजाने पर भी रोक होती है, क्योंकि इससे अस्पताल में भर्ती मरीज परेशान हो सकते है, लेकिन यमुनानगर में तो अस्पताल के नजदीक नहीं बल्कि अस्पताल के अंदर ही ढोल बजाए गए। अस्पताल में ढोल किसी और ने नहीं बल्कि अस्पताल स्टॉफ की ओर से बजवाए गए।
https://www.facebook.com/livingindianewsharyana/videos/302314180334450/
जी हां, सबसे हैरानी की बात तो ये है कि ये सब किसी प्राइवेट नहीं बल्कि यमुनानगर में जगाधरी के सिविल अस्पताल में हो रहा था। सिविल अस्पताल जगाधरी में कोई कर्मचारी रिटायर्ड हुआ था। स्टॉफ की ओर से बकायदा रिटायर्ड हुए कर्मचारियों को मालाएं पहनाई गई। उसके बाद तो अस्पताल के भीतर ही ढोल वाले को बुलाकर वहां जमकर न केवल ढोल बजाया गया, बल्कि स्टाफ की महिला सदस्यों की ओर से वहां जमकर डांस भी किया गया।
वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अस्पताल में चल रही डांस पार्टी का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। अब देखने वाली बात ये होगी कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का दावा करने वाले हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज इस मामले में क्या एक्शन लेंगे?
