Ludhiana:
लुधियाना में सरकारी राशन डिपो पर उपभोक्ताओं और डिपो होल्डरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राशन वितरण के दौरान बायोमेट्रिक मशीनों में अंगूठा वेरिफाई न होने के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जहां पहले एक बार अंगूठा लगाने से प्रक्रिया पूरी हो जाती थी, वहीं अब कई उपभोक्ताओं को तीन-तीन बार प्रयास करने के बावजूद सफलता नहीं मिल रही।
अंगूठा लगाने के बावजूद मशीन में नही हो रही पहचान
सुबह करीब 11 बजे से ही राशन लेने पहुंचे लोगों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बार-बार अंगूठा लगाने के बावजूद मशीन उन्हें पहचान नहीं रही, जिससे राशन प्राप्त करने में देरी हो रही है। वहीं डिपो होल्डरों का कहना है कि तकनीकी खामियों के कारण उन्हें भी लोगों के गुस्से और नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है।
देर शाम जब मौके पर हालात का जायजा लिया गया तो एक तरफ इलाके में बिजली गुल थी, वहीं दूसरी ओर बायोमेट्रिक सिस्टम की समस्या ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। राशन लेने आए बुजुर्ग, महिलाएं और मजदूर वर्ग के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित दिखाई दिए। उपभोक्ताओं और डिपो होल्डरों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि बायोमेट्रिक सिस्टम की खामियों को जल्द दूर किया जाए और राशन वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
अन्य ख़बरें जानें-
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



