ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज : लंबी जद्दोजहद के बाद ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने 51 सदस्यों की कांग्रेस वर्किंग कमेटी की लिस्ट जारी कर दी है।
https://www.youtube.com/watch?v=bVSf5Lqpas4&feature=youtu.be
कांग्रेस वर्किंग कमेटी में पहले से ही शामिल राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा को इस बार भी कमेटी के स्थाई सदस्यों में शामिल किया गया है।
इसके अलावा राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला को स्थाई आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
सुरजेवाला के अलावा रोहतक से सांसद और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा और मंडी आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। नई बनाई गई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की पहली बैठक 22 जुलाई को होगी। कांग्रेस वर्किंग कमेटी में हुई हरियाणा कांग्रेस नेताओं की नियुक्ति के बाद हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी बढ़ सकती है, क्योंकि पिछले काफी समय से हरियाणा कांग्रेस की गुटबाजी के बारे में हर कोई जानता है। हालांकि कांग्रेस के नेता इससे इंकार करते रहे है।
गौरतलब है कि कांग्रेस से अलग होने के बाद पूर्व सीएम भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई ने हरियाणा जनहित कांग्रेस के नाम से अपनी अलग पार्टी बनाई थी। 2009 के चुनाव में कुलदीप बिश्नोई की पार्टी के 5 विधायक कांग्रेस में चले गए थे। उसके बाद 2014 का चुनाव कुलदीप और उनकी पत्नी रेणुका बिश्नोई ने हजकां के निशान पर लड़ा। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया था। हजकां के कांग्रेस में विलय होने के बाद कुलदीप बिश्नोई को कांग्रेस में पहली बार कोई बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी में शामिल होने के बाद जहां पूर्व सीएम भजनलाल के करीब कांग्रेस नेता अब कुलदीप के पाले में आ सकते है। वहीं, इससे पहले से ही खेमों में बंटी हरियाणा कांग्रेस में एक और खेमा जुड़ जाएगा। हालांकि अभी हरियाणा कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष का भी फैसला होना है, क्योंकि फिलहाल अशोक तंवर अस्थाई तौर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष है। खैर देखने वाली बात ये होगी कि हाई कमान आखिर कब तक प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर कोई फैसला लेगी, क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद ही हरियाणा में कांग्रेस की आगामी रणनीति बन पाएगी।




