ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने आज यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ की उपस्थित में अपना नामांकन दाखिल किया है। करनाल के सेक्ट- 12 स्थित एसडीएम कार्यालय में वे पुहंचे थे, जहां केंद्रीय मंत्री और प्रदेश प्रभारी नरेंद्र तोमर, केंद्रीय राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया, सांसद, हरियाणा के मंत्री, विधायकों सहित अन्य नेता इस मौके पर मौजूद रहे।
इस दौरान सीएम मनोहर लाल ने संबोधन में कहा कि पिछली बार भी करनाल की जनता ने उन्हें प्यार और आशीर्वाद दिया था, जिसकी बदौलत ही हाईकमान ने उन्हें सीएम पद की जिम्मदारी सौंपी। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा की पिछली सरकारें सत्ता का खेल खेलती थी और अब सट्टे का खेल खेल रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई की दोबारा उनकी सरकार 75 पार कर प्रदेश में सरकार का गठन करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा की करनाल का एक- एक कार्यकर्ता मनोहर लाल बनकर काम करे, ताकि मुझे अन्य जिलों में प्रचार करने का मौका मिले। उन्होंने कहा की काम कभी पूरे नहीं होते ये चलते रहते हैं। आगे क्या करना है इसकी योजना बनाई जा रही है, अगली सरकार डबल काम करेगी।
वहीं, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली बार आपने एक योग्य विधायक चुना था, जिसने ये साबित किया कि सीएम किस तरह से काम करते हैं। अपने काम की बदौलत वो पूरे देश में छा गए। विकास कार्यों में प्रदेश को उन्होंने नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और जिसके बाद हरियाणा की भर्तियों के पारदर्शी फार्मूले को हमने यूपी में अपनाया। उन्होंने कहा कि इससे पहले हरियाणा में जातिवाद और परिवारवाद चलता था और मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री बनते ही इस स्थिति को सुधार कर हरियाणा की शक्ति और भक्ति से सबका परिचय कराया।



