ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:आज पंचकूला में राज्य स्तरीय बीपीएल कार्ड वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सीएम मनोहर लाल ने बीपीएल परिवारों को कार्ड बांटे। सीएम मनोहर लाल के मुताबिक हरियाणा में इस वक्त 26 लाख कार्ड हैं, जिसमें बीपीएल और अंत्योदय कार्ड 8 लाख 63 हजार है। वहीं, आज के कार्यक्रम के बाद इसमें 57 हजार कार्ड और जुड़ गए हैं।
बता दें कि कार्ड वितरण का कार्यक्रम पूरे प्रदेश में किया गया था। कई जिलों के लाभार्थियों से सीएम ने वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद भी किया। पंचकूला में ग्रामीण क्षेत्र के 455 और शहरी इलाके के 72 नए परिवारों को बीपीएल में शामिल किया गया है।
सीएम ने इस दौरान अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए कि जिन परिवारों ने फॉर्म भर रखे हैं, उनका कार्ड जल्द बने। इस समारोह के दौरान लाभार्थियों ने परिवार पहचान पत्र के फार्म भी भरे और कई विभागों ने अपनी योजनाओं पर आधारित स्टाल भी लगाया। इस कार्यक्रम में खाद्य आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कंबोज, सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर और पंचकूला विधायक ज्ञान चन्द गुप्ता सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। सीएम मनोहर लाल ने इस दौरान करीब 92 करोड़ 27 लाख की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।


