ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर आज पंचकूला पहुंचे, जहां बरवाला में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने धारा 370 पर बोलते हुए मोदी सरकार के फैसले को ऐतिहासिक करार दिया। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि जैसे ही जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाया गया पूरा, भारत अखंड हो गया।
उन्होंने कहा कि पूरे भारत में जो कानून लागू होते थे, उसका लाभ अब जम्मू-कश्मीर के लोगों को भी मिल पाएगा। केवल नरेंद्र मोदी और अमित शाह की सरकार ही इसे संभव कर सकी है। बता दें कि पंचकूला से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता के लिए हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर लोगों से उनके लिए वोट की अपील करने पहुंचे थे। इस मौके पर ज्ञानचंद गुप्ता ने पगड़ी पहनाकर सीएम जयराम ठाकुर का स्वागत किया।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हमारे लिए ये गर्व की बात है कि हम उस पार्टी से जो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और जिसके शीर्ष नेता हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने मौजूदा विधायक ज्ञानचंद गुप्ता द्वारा किए गए 2000 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों के बारे में भी गांव वासियों को जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ज्ञानचंद गुप्ता की पिछले 5 सालों की मेहनत ही है, जो संगठन ने एक बार फिर उन्हें ही इस चुनावी रण में उतारा है। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता कुलभूषण गोयल, विरेंद्र भाऊ, उमेश सूद, महामंत्री हरेंद्र मलिक, सुनील तलवार और नवीन गर्ग सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।



