हरियाणा के पानीपत जिले में गुरुवार की आधी रात को एक पेट्रोल पंप पर हथियारों के बल पर लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। थाना सेक्टर 13-17 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बबैल से राजाखेड़ी रोड पर स्थित शिव फ्यूल पेट्रोल पंप पर सफेद स्विफ्ट कार में सवार होकर आए 6-7 नकाबपोश बदमाशों ने सेल्समैन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने सेल्समैन को पिस्तौल की बटों से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया और उसका आईफोन तोड़ डाला । उसके बाद CCTV कैमरों के रुख बदलकर ऑफिस के गल्ले से करीब सवा लाख रुपए की नकदी व कार की टंकी फुल कर फरार हो गए। घायल सेल्समैन को इलाज के लिए पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
नकाबपोश बदमाश रात सवा 12 बजे सफेद स्विफ्ट कार में आए थे। थाना सेक्टर 13-17 पुलिस को दी गई शिकायत में गांव बबैल निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह पिछले करीब 4-5 साल से गांव के ही राकेश के पेट्रोल पंप (शिव फ्यूल) पर बतौर सेल्समैन काम करता है। शुक्रवार, 3 जुलाई की रात करीब 12:10 बजे नरेश पंप के ऑफिस में रखी चारपाई पर लेटा हुआ था। इसी दौरान पंप पर एक सफेद स्विफ्ट कार आकर रुकी। नरेश गाड़ी में तेल डालने के लिए जैसे ही ऑफिस से बाहर निकला, कार से मुंह पर सफेद कपड़ा बांधे हुए करीब 6-7 अज्ञात लड़के नीचे उतरे।पिस्तौल की बट से सिर पर किए कई वार, आईफोन 15 भी तोड़ानीचे उतरते ही तीन बदमाशों ने सेल्समैन नरेश को दबोच लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी, जबकि बाकी बदमाश ऑफिस के अंदर घुस गए। मारपीट के दौरान दो अज्ञात बदमाशों ने अपने हाथों में लिए देशी पिस्तौल की बट से नरेश के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उसका सिर फट गया और काफी चोटें आईं।
हैवानियत का आलम यह था कि एक बदमाश ने नरेश की जेब से उसका कीमती आईफोन-15 निकाला और उसे जमीन पर दे मारा जिससे फोन पूरी तरह टूट गया।खुद ही चलाई मशीन और टंकी की फुल, कैमरों की दिशा को बदल दिया ।नरेश को लहूलुहान करने के बाद बदमाशों ने पूरे पंप को अपने कब्जे में ले लिया। इनमें से एक बदमाश ने कार को घुमाकर खुद ही तेल की मशीन चालू की और अपनी स्विफ्ट कार की टंकी तेल से फुल कर ली। वारदात के दौरान बदमाशों ने ऑफिस में लगी LED टीवी की स्क्रीन को भी तोड़ डाला। इसके बाद सभी बदमाश सेल्समैन को जान से मारने की धमकी देते हुए कार में सवार होकर गांव राजाखेड़ी की तरफ भाग निकले।
बदमाशों के भागने के बाद पीड़ित सेल्समैन नरेश किसी तरह घिसटते हुए ऑफिस के अंदर पहुंचा। उसने देखा कि काउंटर के गल्ले (कैश बॉक्स) में रखी पंप की सेल के करीब सवा लाख रुपए गायब थे। इसके बाद नरेश ने तुरंत पंप के पीछे वाले कमरे में सो रहे मालिक राकेश को जगाया और पूरी घटना की जानकारी दी। मालिक राकेश ने बिना देरी किए तुरंत पुलिस को फोन कर वारदात की सूचना दी और लहूलुहान नरेश को तुरंत इलाज के लिए पानीपत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
अन्य ख़बरें जानें-



