रोहतक, 16 नवंबर
रोहतक में छठ पूजा के दौरान सुबह-सुबह दो गुटों के बीच हुए झगड़े में 2 भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। झगड़े के दौरान 25 युवक आपस में भिड़े थे। घायलों को रोहतक PGI ले जाया गया, जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया। दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पूजा के दौरान कहासुनी
घटना भालौठ सब ब्रांच नहर पर बने छठ पूजा घाट की है। सुबह करीब 6 बजे पूजा के दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों ने और साथी बुलाकर हाथापाई करने लगे। इसी दौरान चाकू-छुरी चलने से दो घायल हो गए।
चाकूबाजी से मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, डेयरी मोहल्ले के लोग सोमवार सुबह छठ पूजा करने के लिए नहर पर पहुंचे थे। इसी दौरान तीन नंबर घाट पर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों की तरफ से चाकू चल गए।
इस दौरान दो भाई घायल हो गए। दोनों के पेट में चाकू से वार किए गए थे। उन्हें गंभीर हालत में रोहतक PGI पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान डेयरी मोहल्ले निवासी विक्रम (18) की मौत हो गई, जबकि विक्की (22) का ऑपरेशन चल रहा है।
झगड़े की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचीं। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अन्य खबरें जानें –
कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, लश्कर कमांडर समेत 2 आतंकी ढेर, 11 नवंबर के हमले का लिया बदला



