ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी लगातार जारी है। हाईकमान के बड़े बदलाव के बाद ये कयास लगाए जा रहे थे कि शायद कांग्रेस में गुटाबाजी खत्म हो जाए, लेकिन आलाकमान के फैसले के बाद कांग्रेस दो गुटों में ही बंटी हुई दिख रही है।
आपको बता दें कि दिल्ली में कांग्रेस चुनाव कमेटी की बैठक हुई, जिसमें पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता पहुंचे थे, लेकिन कांग्रेस पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर इस मीटिंग में शामिल नहीं हुए। जब इस बारे में अशोक तंवर से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को मेरी शकल पसंद नहीं है, इसलिए मैं बैठक में नहीं गया।
अब तंवर के इस बयान से बहुत कुछ साफ हो रहा है। कांग्रेस में कोल्ड वॉर लगातार जारी है। हुड्डा- शैलजा को आलाकमान के बड़े पद सौंपने के बाद तंवर उन पर तंज कसने से पीछे नहीं हट रहे हैं। वहीं, अशोक तंवर ने अलग से दिल्ली के कॉन्स्टट्यूशन क्लब में अपने समर्थकों के साथ बैठक की। जिसका साफ मतलब ये है कि कांग्रेस में अभी गुटबाजी का सिलसिला जारी है।


