यमुनानगर,21 अगस्त
यमुनानगर में बसों की कमी से परेशान छात्राओं और ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। पाबनी के नजदीक छात्राओं और विद्यार्थियों ने जगाधरी-पाबनी-सढौरा रोड पर जाम लगा दिया। छात्राएं सड़क पर बैठ गईं, जिसके चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। विद्यार्थियों का आरोप है कि इस रूट पर करीब 15 से 20 गांव पड़ते हैं, लेकिन पर्याप्त बसें नहीं चल रही हैं।
विद्यार्थियों के मुताबिक इस रूट पर फिलहाल केवल दो बसें आती हैं और उनका समय भी निर्धारित नहीं है। सुबह साढ़े सात बजे वाली बस सप्ताह में सिर्फ दो दिन आती है। वहीं साढ़े आठ बजे की बस सढौरा से ही फुल होकर पहुंचती है, जिससे पाबनी और आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को बस में जगह नहीं मिलती। कई बार भीड़ इतनी अधिक होती है कि छात्राओं के लिए बस में चढ़ना भी मुश्किल हो जाता है।
विद्यार्थियों ने बताया कि पहले छात्राओं के लिए अलग लेडीज बस चलती थी, लेकिन अब उसे बंद कर दिया गया है। वापसी के समय भी उन्हें इसी समस्या का सामना करना पड़ता है। छात्राओं का कहना है कि रोडवेज अधिकारियों को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
जाम की सूचना मिलते ही थाना छप्पर प्रभारी अजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से बातचीत की। पुलिस ने रोडवेज अधिकारियों को समस्या की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने मांग की है कि इस रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई जाए और उनका समय निर्धारित किया जाए।
अन्य खबरें जानें –
यमुनानगर में वन्यजीवों के अवैध कब्जे पर कार्रवाई, दुकान पर रेड में दो स्टार कछुए और दो पैराकीट बरामद

