आज मनाया जा रहा महान शहीद बाबा दीप सिंह जी का शहीदी दिवस

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: अमृतसर- सिख कौम आज महान तपस्वी और योद्धा बाबा दीप सिंह जी का शहीदी दिवस मना रही है | एसजीपीसी द्वारा इस शहीदी…

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: अमृतसर- सिख कौम आज महान तपस्वी और योद्धा बाबा दीप सिंह जी का शहीदी दिवस मना रही है | एसजीपीसी द्वारा इस शहीदी दिवस के उपलक्ष में गुरद्वारा शहीद गंज में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। भोग उपरंत इलाही गुरबाणी का श्रवण कर संगत निहाल हुई | उसके बाद कवि दरबार लगाया गया। जिसमे शहीद बाबा दीप सिंह जी के जीवन पर रौशनी डाली गयी।

सिक्खों के इतिहास में शहीदों की एक लंबी फेहरिस्त है। कई बहादुर योद्धाओं ने मुगलों के साथ बड़ी-बड़ी लड़ाईयां लड़ी और हंसते-हंसते मौत को गले लगाया। ऐसे ही एक महान योद्धा थे बाबा दीप सिंह जी। सिक्ख धर्म में बाबा दीप सिंह का स्थान एक प्रतिष्ठित योद्धा और शहीद के रूप में दर्ज है।

दीप सिंह 300 वर्ष पुराने धार्मिक शिक्षा देने वाले दमदमी टक्साल के पहले प्रमुख थे। आइये जानते हैं इस बहादुर एवं निर्भीक सिक्ख योद्धा के बारे में…

  • भाई मणी सिंह से उन्होंने गुरुमुखी की शिक्षा ली। गुरु के दरबार में दो साल शिक्षा-दीक्षा लेने के बाद वह सन् 1702 में अपने गांव वापस आ गए और शादी करके यहीं रहने लगे।
  • सन् 1705 में वह सिक्खों के दसवें गुरु गोविंद सिंह जी से मिलने तलवंडी गए, जहां उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब की प्रतियां तैयार करने में भाई मणि सिंह जी की मदद की। गुरु गोबिंद साहिब के दिल्ली चले जाने के बाद उन्होंने लंबे समय तक दमदमा साहिब में रहकर सेवा की।

  • सन् 1709 में उन्होंने बाबा बंदा सिंह बहादुर के साथ मिलकर सरहिंद और सधौरा को मुगलों के अत्याचार से मुक्ति दिलवाई। सन् 1733 में नवाब कपूर सिंह सिंहपुरिया ने उन्हें अपने एक दस्ते का मुखिया बना लिया। सन् 1748 में जब खालसा सिक्खों ने मिस्लों को फिर से संगठित किया तो बाबा दीप सिंह ने शहीदन मिस्ल का नेतृत्व किया। (मिस्लें छोटे-छोटे सिक्ख राजनीतिक क्षेत्र थे, जिनमें शामिल योद्धा मुगलों के अत्याचार से पीड़ित लोगों के लिए काम करते थे।)

  • सन् 1757 में काबुल से दिल्ली लौटते हुए अब्दाली के दस्ते पर हमला करके बाबा दीप सिंह ने कई बंदी युवक-युवतियों को छुड़ाया। यह हमला दीप सिंह ने कुरूक्षेत्र में किया था। जिससे बौखलाकर अब्दाली ने अपने बेटे तैमूर शाह को सिक्खों के विनाश का हुक्म दिया। पिता का आदेश पाकर तैमूर शाह ने जगह-जगह गुरुद्वारे और पवित्र स्थानों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। इस दौरान सिक्खों के पवित्र स्थान हरमिंदर साहिब को भी नुकसान पहुंचाया गया।

  • हरमिंदर साहिब को नुकसान पहुंचाए जाने की खबर जब बाबा दीप सिंह को मिली तो उन्होंने सभी सिक्खों को अमृतसर में दिवाली मनाने का हुक्म दिया। उनका आदेश सुनकर तकरीबन 3000 खालसा उनके बेड़े में शामिल हो गए और उन्होंने अमृतसर की ओर कूच किया।

  • हरमिंदर साहिब को अहमद शाह अब्दाली के कब्जे से छुड़वाने के लिए बाबा दीप सिंह अपनी सेना के साथ काफी बहादुरी से युद्ध कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने खालसा लड़ाकों से कहा कि उनका सिर हरमिंदर साहिब में ही गिरेगा। तरनतारन तक पहुंचते-पहुंचते उनकी सेना में तकरीबन 5000 खालसा योद्धा शामिल हो चुके थे।

  • बाबा दीप सिंह के दस्ते के हरमिंदर साहिब की ओर बढ़ने की खबर पाकर लाहौर के गवर्नर तैमूर शाह ने बीस हजार लड़ाकों की सेना को अमृतसर की ओर रवाना किया। तैमूर की सेना अमृतसर के छह मील उत्तर में रुककर बाबा दीप सिंह का इंतजार करने लगी। दोनो सेनाओं का सामना 11 नवंबर सन् 1757 को गोहलवाड़ के नजदीक हुआ।

  • दोनों सेनाओं में भयंकर युद्ध चला और बाबा दीप सिंह की सेना विरोधी सेना को खदेड़कर छब्बा गांव तक पहुंच गई। यहां जनरल अट्टल खान और बाबा दीप सिंह के बीच युद्ध हुआ। इस लड़ाई में दोनों ने एक दूसरे पर तलवार से प्रहार किया। अट्टल खान वहीं ढेर हो गया। इस हमले में बाबा दीप सिंह की गर्दन भी धड़ से अलग हो गई।

  •  तभी एक खालसा ने दीप सिंह को यह याद दिलाया कि उन्होंने अपना सिर हरमिंदर साहिब में गिरने की बात कही थी। खालसा की बात सुनकर उन्होंने अपने कटे हुए सिर को बांये हाथ में उठाया और वीरता से लड़ते हुए वह हरमिंदर साहिब में दाखिल हो गए। यहां बाबा दीप सिंह अपना सिर गुरुद्वारे की पावन धरती पर रखा और अंतिम सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *