ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: फतेहाबाद में शुक्रवार को ऐलनाबाद के विधायक और इनेलो नेता अभय चौटाला कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। अभय चौटाला ने जाट धर्मशाला में कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली और संगठन को मजबूत करने का पाठ पढ़ाया।
सरकार पर कटाक्ष करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि, सरकार बने कई महीने हो चुके हैं, लेकिन अधिकारियों को अब तक यह नहीं पता कि वह किसकी सुने। उन्होंने अनिल विज और मुख्यमंत्री के बीच चल रही तनातनी को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री का अधिकार क्षेत्र काफी बड़ा होता है, हर मंत्री अपने विभाग में अपनी चलाने लगे तो उस से काम नहीं चलता।
उन्होंने कहा कि, सरकार के मंत्री एक दूसरे को नीचा दिखाने में जुटे हुए हैं। अभय चौटाला ने जेजेपी पर दादा गौतम के मामले में कटाक्ष करते हुए कहा कि जिसे दादा माना था, उस दादा ने आशीर्वाद दे दिया है। आने वाले समय में हालात यह हो चले हैं कि 8 विधायकों के साथ-साथ उनकी भाभी भी जेजेपी का साथ छोड़ सकती है।


