Bhiwani में रोडवेज कर्मचारियों का राज्य सम्मेलन शुरू, समान काम, समान वेतन देने की मांग

भिवानी, 14 नवंबर भिवानी की जाट धर्मशाला में हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा का 18वां दो दिवसीय राज्य प्रतिनिधि सम्मेलन शुरू…

भिवानी

भिवानी, 14 नवंबर

भिवानी की जाट धर्मशाला में हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा का 18वां दो दिवसीय राज्य प्रतिनिधि सम्मेलन शुरू हुआ। सम्मेलन में प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों रोडवेज कर्मचारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान रोडवेज विभाग में कर्मचारियों और बसों की कमी, निजीकरण तथा कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर चर्चा की गई।

रोडवेज में खाली पदों पर भर्ती की उठी मांग

ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड जीवन शाह ने कहा कि हरियाणा रोडवेज प्रदेश की आम जनता को सुरक्षित और सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने वाला महत्वपूर्ण सार्वजनिक विभाग है, लेकिन बसों और कर्मचारियों की कमी के चलते यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकारी बसों की संख्या बढ़ाने, किलोमीटर स्कीम का विस्तार बंद करने और विभाग में खाली पड़े सभी पदों पर स्थायी भर्ती करने की मांग उठाई।

समान काम-समान वेतन देने की मांग

कर्मचारियों ने साथ ही कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, समान काम-समान वेतन देने और विभाग का निजीकरण बंद कर रोडवेज को मजबूत करने की मांग की।वक्ताओं ने कर्मचारियों की सेवा संबंधी मांगों को उठाते हुए 2016 में भर्ती चालकों को पक्का करने, 194 चालकों को स्टेट इंचार्ज बनाने, लेबर कोर्ट से संबंधित चार मामलों को रद्द करने, 12 साल से लंबित दीपावली बोनस देने और पुरानी पॉलिसी के तहत अर्जित अवकाश व ओवरटाइम का लाभ देने की मांग की।

चालक-परिचालक के वेतन में बढ़ोतरी की मांग

इसके अलावा चालकों के लिए 54,100 रुपये का हैवी पे-स्केल, परिचालकों और लिपिकों के लिए 35,400 रुपये का पे-स्केल, जोखिम भत्ता तथा पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग भी उठाई गई। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, कर्मचारियों की समस्याओं को एक मंच पर उठाने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बचाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। सम्मेलन के दूसरे दिन भी कर्मचारियों की मांगों और संगठन की आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

अन्य खबरें जानें-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *