अमृतसर, 14 नवंबर
अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट ने सार्वजनिक सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों में 5 या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक, लाउडस्पीकर और DJ के इस्तेमाल पर पाबंदी, हथियार डिपो के पास ज्वलनशील पदार्थों को रखने पर रोक, और अवैध निर्माण पर प्रतिबंध शामिल हैं।
शोर वाले साइलेंसर पर लगी रोक
इसके अलावा, घरेलू सहायकों और किरायेदारों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। मोटरसाइकिल के ऐसे साइलेंसर, जिनसे बहुत ज्यादा शोर होता है, उनके इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी गई है।’पेइंग गेस्ट’ (PG) आवासों का रजिस्ट्रेशन कराना और वहां रहने वाले लोगों का रिकॉर्ड रखना अनिवार्य होगा। होटलों, सराय और गेस्ट हाउस के लिए भी अपने मेहमानों का रिकॉर्ड रखना जरूरी है।
सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियार प्रदर्शन पर रोक
सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियारों का प्रदर्शन करने, हथियारों या हिंसा को बढ़ावा देने वाले गाने बजाने, और किसी समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाले भाषण (हेट स्पीच) देने पर रोक लगाई गई है। साथ ही, अमृतसर सेंट्रल जेल के 500 मीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध है। ये सभी आदेश 14 नवंबर, 2026 से 11 फरवरी, 2027 तक लागू रहेंगे।
आम जनता से अपील है कि वे इन आदेशों का सख्ती से पालन करें और पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग दें।



