पलवल, 14 नवंबर
पलवल में पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ व कुलदीप शर्मा लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश और देश में वोट चोरी रोकने और मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को मतदान के महत्व और वोटर लिस्ट में अपने नाम की जांच करने के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
पारदर्शी चुनाव से ही मजबूत होगा लोकतंत्र
कुलदीप शर्मा ने कहा कि देश में लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था बेहद जरूरी है। अगर किसी का वोट गलत तरीके से काटा जाता है या मतदाता के अधिकारों का हनन होता है तो यह केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे लोकतंत्र का नुकसान है। केवल मतदान के दिन वोट डालना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उससे पहले अपने मतदाता अधिकारों की जानकारी रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
संविधान की रक्षा हर नागरिक का कर्तव्य
पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णातीर्थ ने कहा कि यदि आम नागरिक अपने अधिकारों के प्रति सजग रहेगा तो कोई भी ताकत लोकतंत्र को कमजोर नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और आमजन के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का अभियान जारी रहेगा। भारत का संविधान सभी का है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कुलदीप शर्मा ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ पूरे देश में राहुल गांधी के नेतृत्व में अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत कार्यकर्ता गांव गांव पहुंचकर मतदाताओं को जागरुक कर रहे हैं।
अन्य खबरें जानें-



