गुरूग्राम, 4 नवंबर
गुरूग्राम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान आम जनता से जुड़ी कुल 15 समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लंबित मामलों का भी जल्द से जल्द निपटारा किया जाए।
CM सैनी का बड़ा एक्शन पटवारी सस्पेंड
बैठक में विकास कार्यों और सरकारी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कई कड़े फैसले लिए गए। पटौदी में गलत प्रॉपर्टी ID बनाने की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए गए। इसके अलावा, सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी की सैलरी काटने का फरमान सुनाया गया। वहीं कार्य में लापरवाही के चलते नगर निगम के एक पटवारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। बिल्डर द्वारा फ्लैट का कब्जा न देने के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित बिल्डर के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
जर्जर सरकारी स्कूलों का होगा नवीनीकरण
शहर की मूलभूत सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम क्षेत्र में बने सभी सार्वजनिक शौचालयों की जांच कराने के निर्देश दिए। नगर निगम के उच्च अधिकारी इन इमारतों का खुद निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे। इसके साथ ही, जिले के सरकारी स्कूलों के सुधारीकरण पर भी विस्तार से चर्चा हुई और आश्वासन दिया गया कि जर्जर व बुनियादी सुविधाओं से वंचित स्कूलों के नवीनीकरण का काम जल्द शुरू किया जाएगा।
अन्य खबरें जानें –



