Gold And Silver Prices Today:
सोने-चांदी कीमतें फिर से बढने लगी है। मंगलावर को सोना और चांदी की कीमतों ने तीन दिन की तेज गिरावट के बाद जोरदार वापसी की। वैश्विक बाजारों में मजबूती और अमेरिकी डॉलर में कमजोरी के बीच चांदी- सोने में तेज उछाल दर्ज किया गया।
चांदी ₹2,84,000 प्रति किलो-
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत ₹24,000 यानी 9.23 प्रतिशत बढ़कर ₹2,84,000 प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पहुंच गई। सोमवार को चांदी ₹52,000 की गिरावट के साथ ₹2,60,000 प्रति किलो पर बंद हुई थी। इससे पहले तीन कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमतों में कुल ₹1,44,500 यानी करीब 36 प्रतिशत की भारी गिरावट आई थी। 29 जनवरी को चांदी ₹4,04,500 प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी।
सोना ₹1,57,700 प्रति 10 ग्राम-
सोने में भी रिकवरी देखने को मिली। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना ₹5,000 या 3.3 प्रतिशत चढ़कर ₹1,57,700 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सोमवार को यह ₹1,52,700 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। हालांकि, रिकॉर्ड स्तर से अब भी सोना नीचे है। 29 जनवरी को सोना ₹1,83,000 प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा था, जहां से अब तक इसमें करीब ₹30,300 यानी लगभग 17 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि हालिया गिरावट के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की, लेकिन अब कीमतों में आई नरमी को खरीदारी के अवसर के रूप में देखा जा रहा है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के अनुसार, रिकॉर्ड तेजी के बाद आई तेज गिरावट से सोना चार हफ्तों के निचले स्तर पर आ गया था, जिसके बाद इसमें आंशिक रिकवरी देखने को मिली। चांदी में भी दो दिन की भारी बिकवाली के बाद बॉटम फिशिंग से कीमतों को सहारा मिला।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी घरेलू रुझान की झलक दिखी। स्पॉट सिल्वर 12.07 प्रतिशत उछलकर USD 88.77 प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि स्पॉट गोल्ड 5.91 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,935.49 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी कमोडिटी रिसर्च कायनात चेनवाला ने कहा कि दोनों कीमती धातुओं में तेज रिकवरी देखने को मिली है।



