Sonipat : उद्योग एवं वाणिज्य तथा कौशल विकास मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है. जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। जबकि देश की निगाहें हरियाणा पर लगी हुई हैं कि यहां का युवा कौशल विकास के बूते किन ऊंचाइयों पर पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के बल पर सफलता हासिल की जा सकती है। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री विपुल गोयल शनिवार को आईटीआई सोनीपत में आयोजित विश्व युवा कौशल दिवस के आयोजन एवं दो दिवसीय रोजगार मेले के समापन समारोह में उपस्थित युवाओं को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज का दिन भारत के लिए गर्व का दिन है। आज विश्व स्तर पर कौशल विकास दिवस मनाया जा रहा है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। प्रधानमंत्री के प्रयासों के फलस्वरूप ही योग दिवस का आयोजन भी विश्व स्तर पर किया जाने लगा है। योग हिंदुस्तान की धरोहर है, जिससे देश का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि हाल ही में उन्होंने फरीदाबाद में रोजगार मेला लगवाया, जिसमें 2000 से अधिक आवेदक आये और 500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला। इसके बाद पलवल में रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इन सफलताओं के बाद मुख्यमंत्री ने सोनीपत में भी रोजगार मेले की अनुमति दी। यहां हजारों युवाओं का रोजगार देने के लिए चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं को कौशल विकास में प्रशिक्षित करने का जो प्रयास किया है उसमें सफलता मिल रही है। आज के दौर में इसकी आवश्यकता महसूस की जा रही है। हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री के स्वप्र को साकार करने की दिशा में विशेष कदम बढ़ाये हैं। मुख्यमंत्री का प्रयास है कि हर व्यक्ति को हर घर में रोजगार प्रदान किया जाये। कौशल विकास की दिशा में लाखों युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने कहा कि आईटीआई में विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षणों को बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं को दक्ष बनाया जा रहा है ताकि उनकी मांग विदेशों में भी हो। आईटीआई में सबको प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है। अब आईटीआई के युवा केवल कुशल कारीगर और मजदूर ही नहीं बल्कि ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट भी बनेंगे। उन्होंने विश्व कौशल दिवस और रोजगार मेले के सफल आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी रोजगार मेले आयोजित किये जाते रहेंगे। उन्होंने रोजगार मेले में रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को भी बधाई दी। शहरी स्थानीय निकाय तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने विश्व कौशल दिवस की बधाई देते हुए कहा कि युवा शक्ति के सहारे ही भारत पुन: विश्वगुरू की उपाधि ग्रहण करेगा। भाजपा सरकार का प्रयास है कि युवाओं की शक्ति एवं ऊर्जा का सार्थक उपयोग किया जाए। भारत विकासशील देश है जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके युवा हैं जो देश को नंबर-1 स्थान दिलाएंगे। उन्होंने पूर्व सरकार पर कटाक्ष किया कि देश की आजादी को 70 वर्ष हो चुके हैं लेकिन आज भी युवा दर-दर की ठोकर खा रहे हैं, क्योंकि पूर्व सरकार ने शिक्षा और रोजगार के लिए कोई कारगर योजना नहीं बनाई।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने कहा कि आईटीआई का प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को रोजगार मेले के माध्यम से प्लेसमेंट मिली है। युवाओं को बधाई देते हुए उन्होंने बताया कि हरियाणा में पांच मॉडल आईटीआई की स्थापना की जानी है। जिनमें से एक मॉडल आईटीआई सोनीपत में बनेगी। इसके लिए उन्होंने मंत्री विपुल गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसका लाभ युवाओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनकल्याण के उद्देश्य को लेकर आगे बढ़ रही है। इस दौरान युवाओं को एप्रेंटिस नियुक्ति पत्र तथा प्लेसमेंट प्रमाणपत्र भी सौंपे गये। सक्षम युवाओं को भी प्रमाणपत्र दिये गये। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एवं राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। साथ ही राष्ट्रीय उद्यमी प्रोत्साहन योजना के तहत उद्योगपतियों को भी चैक वितरित किया गये। इस मौके पर कविता चौधरी, गुलशन ठेकेदार, नवीन मंगला, मनिंद्र सन्नी, निशांत छोक्कर, सुनीता लोहचब, निदेशक पंकज सिंह, कांता सिंह, उपायुक्त के. मकरंद पांडुरंग, सोनिया आदि मौजूद थे।



