श्री फतेहगढ़ साहिब : खन्ना के स्थानीय सर्राफा बाजार में उस समय दहशत का माहौल बन गया जब एक गहनों की दुकान में दिनदिहाड़े एक लुटेरे ने दुकान में बैठी अकेली महिला को पिस्तौल दिखाकर लूटने की कोशिश की। महिला की चतुराई से वो लुटेरा दुकान से सिर्फ मोबाइल उठाकर भागने में सफल हो सका। यह सारी घटना और दुकान से भागता हुआ लुटेरा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरे को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पंजाब में कानून व्यवस्था कितनी सही है यह हम सब के सामने ही है। इसका ताज़ा प्रमाण देखने को मिला खन्ना में जहां एक तरफ पंजाब पुलिस के एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर रोहित चौधरी शहर में आये हुए थे। वहीं दूसरी तरफ दिनदिहाड़े एक लुटेरे की तरफ से पिस्तौल की नोक पर एक ज्वेलर की दुकान को लूटने की कोशिश की गई। जानकारी के मुताबिक खन्ना शहर की सबसे घनी आबादी के बीचो बीच शहर का मुख सर्राफा बाज़ार है। बाजार में एक दुकान ऋषिकेश वर्मा की भी है, जहां उनकी पत्नी अकेली ही बैठी थी।
इस दौरान एक लुटेरे दुकान के अंदर दाखिल हुआ जिसने महिला को अकेला देख पिस्तौल के बल पर लूटने की कोशिश की। दुकान के मालिक ऋषिकेश वर्मा व उनके रिश्तेदार ने बताया कि वो किसी काम से बाजार गए हुए थे। दुकान की देखरेख के लिए ऋषिकेश अपनी पत्नी पल्लवी वर्मा को छोड़ गए। इस दौरान एक व्यक्ति दुकान पर आया पल्लवी से गहने दिखाने की बात कहने लगा।
थोड़ी देर बाद उसने रिवॉल्वर निकाल लिया और सभी गहने देने की बात कहने लगा। मगर पल्लवी ने अंदर से दरवाजा लगा लिया और शोर मचा दिया। जिसके बाद लुटेरा भाग गया मगर जाते-जाते वो उनका मोबाइल फोन उठाकर ले गया। इस दौरान भागते हुए लुटेरे की वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गई है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दुकान पहुंचकर जांच की। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

