जम्मू-कश्मीर: कुपवाड़ा में पाकिस्तान की फायरिंग में दो जवान शहीद हो गए हैं। पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के बुधवार को कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में फायरिंग शुरू कर दी।
सीमा पर पाकिस्तानी सेना की यह फायरिंग बडगाम में आज तड़के सुरक्षाबलों द्वारा तीन आतंकियों को ढेर करने की घटना के बाद हुई है। मारे गए आतंकियों के पास बड़े पैमाने पर हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए थे। गौरतलब है कि सोमवार को कश्मीर के अनंतनाग जिले में अमरनाथ यात्रियों पर हुई फायरिंग में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। इस हमले के बाद के पूरी घाटी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद इस्माइल उर्फ अबू इस्माइल को खोज में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है। मोहम्मद इस्माइल को अमरनाथ यात्रा हमले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। इसके अलावा राज्य में हाई अलर्ट भी कर दिया है। केंद्रीय मंत्री हंसराज अहीर ने बताया कि हमले के बाद यात्रा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए और उपाय किए गए हैं। रोड ओपनिंग पार्टी की गश्त का समय बढ़ाया गया है, इसके अलावा हर (यात्रा) वाहन की जांच की जाएगी। पंजीयन के बगैर किसी वाहन को चलाने की अनुमति नहीं होगी।

