पानीपत में नगर निगम की लापरवाही से तीसरा बड़ा हादसा, उखड़ी सड़क पर पैदल चलता हुआ खुले गड्ढे में गिरा युवक

पानीपत , 7 सितंबर पानीपत नगर निगम की कंस्ट्रक्शन कंपनियों की घोर अनदेखी तथा लापरवाही के चलते शहर का बिचपड़ी रोड आमजन के लिए जानलेवा…

पानीपत

पानीपत , 7 सितंबर

पानीपत नगर निगम की कंस्ट्रक्शन कंपनियों की घोर अनदेखी तथा लापरवाही के चलते शहर का बिचपड़ी रोड आमजन के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। भावना चौक से बिचपड़ी मोड़ तक लगभग 7 महीने से उखाड़कर लावारिस छोड़ी गई सड़क पर सुरक्षा का कोई इंतजाम न होने से एक और बड़ा हादसा हो गया।

बिना बैरिकेडिंग वाली इस सड़क पर पैदल चल रहा एक युवक अचानक गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे का वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन में एक बार फिर हड़कंप मच गया है। इस बारे में मेयर कोमल सैनी ने कहा कि आज का दौरा अहम रहेगा। निश्चित तौर पर स्थाई समाधान की ओर कड़े कदम उठाए जाएंगे।बता दें कि इससे पहले भी यहां दो हादसे हो चुके हैं।

पहला हादसा, महिला के खुले नाले में गिरने का था। दूसरा हादसा, सचदेवा गार्डन के सामने खुले नाले में एक बाइक सवार दो युवक गिर गए थे।

मोबाइल पर बात करते समय हुआ हादसा

वीडियो के अनुसार, युवक मोबाइल फोन पर बात करते हुए आगे बढ़ रहा था। सड़क उखड़ी होने और रास्ते में सुरक्षा के लिए कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड न होने के कारण उसे गहरे गड्ढे का अंदाजा नहीं लगा और वह सीधे नीचे जा गिरा। हादसे के वक्त मौके पर राहगीर तो मौजूद थे, लेकिन निर्माण कार्य के चलते रास्ता पूरी तरह बंद और दुर्गम होने के कारण कोई भी उसकी मदद के लिए गड्ढे तक नहीं पहुंच सका। काफी देर तक कड़ी मशक्कत करने के बाद पीड़ित युवक खुद ही किसी तरह गड्ढे से बाहर निकला।

लोगों ने पर्ची पर आगे रास्ता बंद है‘ लिखकर लटकाया

प्रशासन और ठेकेदारों की इस गंभीर लापरवाही से गुस्साए स्थानीय निवासियों ने हादसों को रोकने के लिए खुद ही पहल की। लोगों ने हाथ से एक पर्ची पर पेन से आगे रास्ता बंद है, लिखकर सड़क के मुहाने पर लटका दिया, ताकि अन्य वाहन चालक या पैदल यात्री इस जानलेवा गड्ढे का शिकार होने से बच सकें।

युवक के गड्ढे में गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निगम मेयर कोमल सैनी और संबंधित उच्च अधिकारी एक बार फिर बिचपड़ी रोड का मौका मुआयना करने पहुंच रहे हैं।गौरतलब है कि नगर निगम कमिश्नर खुले गड्ढों और निर्माण कार्य में लापरवाही के मामलों में पहले भी कड़ा रुख अपना चुके हैं। लापरवाही बरतने पर तिरुपति कंस्ट्रक्शन कंपनी पर 10 लाख रुपए का भारी-भरकम जुर्माना लगाया जा चुका है। संबंधित SDO और XEN को पहले ही चार्जशीट किया जा चुका है। लगातार तीसरे हादसे का वीडियो सामने आने के बाद अब जिम्मेदार ठेकेदार और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ एक और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।

अन्य खबरें जानें –

अल-फलाह यूनिवर्सिटी के चांसलर जवाद सिद्दीकी की हिरासत बढ़ी, NMC को गलत रिकॉर्ड का आरोप, ED ने 39 करोड़ की प्रॉपर्टी की अटैच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *