रेवाड़ी, 7 सितंबर
रेवाड़ी के धारूहेड़ा क्षेत्र के गांव भटसाना स्थित एक डेयरी में शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला। मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार गांव फाजिलपुर निवासी अरुण उर्फ मन्नू ने भटसाना गांव में करीब 14 एकड़ जमीन पट्टे पर ले रखी है। वह धारूहेड़ा में रहते हैं और पट्टे की जमीन पर खेती के साथ डेयरी भी चलाते हैं।
बताया जा रहा है कि रविवार को 3-4 युवक कार में सवार होकर डेयरी पहुंचे। वहां काम करने वाले नौकरों ने उन्हें कथित तौर पर शव को कार से निकालकर जमीन में दफनाते हुए देख लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना प्रभारी फूल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव बाहर निकाला गया।जांच के दौरान सिर पर चोट के निशान मिले, जिसके चलते पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
डेयरी संचालक के बेटे पर भी संदेह
पुलिस के अनुसार शव दफनाने पहुंचे युवकों में डेयरी संचालक का बेटा भी शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी पर सीधे तौर पर आरोप तय नहीं किया है। मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी है।
डीएसपी सुरेंद्र श्योरण ने बताया कि नौकरों से सूचना मिली थी कि 3-4 युवक डेयरी में शव दफना रहे हैं। इनमें डेयरी संचालक का बेटा भी शामिल बताया गया है। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
अन्य खबरें जानें –



